भोपाल। लोकसभा सीट भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर प्रतिबंध लगने के कुछ ही मिनटों के भीतर दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया दे दी। उन्होंने चुनाव आयोग के इस कदम का स्वागत किया है। दिग्विजय ने ट्वीट कर लिखा कि चुनाव आयोग का यह निर्णय अभिनंदनीय है। भाजपा साम्प्रदायिक विद्वेष की राजनीति करने वालों तथा आतंकवाद के आरोपियों को जब उम्मीदवार बनाएगी तब ऐसा होना स्वाभाविक है।
आदर्श लोकतान्त्रिक मूल्यों की स्थापना व संरक्षण के लिए इस प्रकार के प्रत्याशियों का नामांकन रद्द करना श्रेयस्कर होगा।
मोदी से सवाल क्या संघ झूठ बोल रहा है!
भाजपा और पीएम नरेन्द्र मोदी से दिग्विजय सिंह ने सवाल पूछने की शुरुआत की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं भोपाल से प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने बुधवार को मजदूर दिवस पर भाजपा से सवालों का सिलसिला शुरू किया है। वे 10 दिन तक 10 सवाल पूछेंगे। भोपाल में मतदान यानि 12 मई को होगा और 10 मई की शाम को चुनाव प्रचार थमने से पहले तक दिग्विजय सिंह हर दिन एक सवाल पूछेंगे। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर नोटबंदी के कारण मज़दूरों के बेरोज़गार होने पर मोदी सरकार से सवाल पूछा है। उन्होंने लिखा है-प्रधानमंत्री मोदी जिस नोटबंदी पर गुमान करते रहे,उसे लेकर देश के भारतीय मज़दूर संघ के अध्यक्ष बैजनाथ राय ने कहा था-नोटबंदी के कारण 4 से 5 करोड़ मज़दूरों का रोज़गार चला गया। क्या संघ झूठ बोल रहा है, जवाब दीजिए कि श्रमिकों के साथ अन्याय क्यों? दिग्विजय ने अपने ट्वीट में मई दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा है-ये सही समय है जब केंद्र की मोदी सरकार से 5 साल और प्रदेश में 15 साल शासन में रही भाजपा सरकार से काम का हिसाब मांगा जाए। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र की मजबूत संस्थाओं ओएनजीसी, भेल, एचएफएल और बीएसएनएल जैसी कंपनियों के घाटे में जाने पर भी सरकार से सवाल पूछा है। दिग्विजय ने कहा इस बार देश की जनता हकीकत समझ गई है, अब मोदी सरकार के जाने का समय आ गया है।