मुंबई: विख्यात गीतकार जावेद अख्तर के बुर्के के साथ घूंघट पर भी बैन लगाने वाले बयान के बाद विवाद उत्पन्न हो गया। करणी सेना ने जावेद अख्तर के इस बयान पर विरोध व्यक्त किया है। इसके साथ ही करणी सेना ने जावेद अख्तर को जान से मारने की धमकी भी दी है। करणी सेना महाराष्ट्र विंग के प्रमुख जीवन सिहं सोलंकी ने मीडिया से वार्ता में बताया है कि बुर्का आंतकवाद से जुड़ा है, जो कि राष्ट्रीय सुरक्षा का प्रश्न है।
जीवन सिंह ने कहा कि हमने पत्र भेजकर जावेद अख्तर को मांफी मांगने के लिए कहा है। यदि उन्होंने तीन दिन के अंदर मांफी नहीं मांगी तोवे अंजाम भुगतने को तैयार रहें।
सोंलकी ने पत्र के साथ एक विडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी है, जिसमें उन्होंने जावेद अख्तर को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वे मांफी नहीं मांगते हैं तो हम आपकी आंखें, आपकी जीभ बाहर निकाल लेंगे और घर में घुसकर मारेंगे।
आपको बता दें कि इससे पहले करणी सेना ने फिल्म ‘पद्मावत’ के लिए संजय लीला भंसाली के विरुद्ध जमकर हिंसक प्रदर्शन किया था। इसके अलावा फिल्म ‘मणिकर्णिका’ के निर्माताओं को भी करणी सेना ने धमकी दी थी। वहीं, जावेद अख्तर ने ट्वीट करते हुए कहा था कि कुछ लोग मेरे बयान को तोड़मरोड़कर उसका गलत मतलब निकाल रहे हैं। मैंने कहा था है कि शायद श्रीलंका में सुरक्षा कारणों से बैन किया गया है लेकिन बुर्के या घूंघट को बैन करना महिला सशक्तीकरण के लिए आवश्यक है।




