संतकबीरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार की शाम सांसद शरद त्रिपाठी से हुई जूतम-पैजार के बाद विधायक राकेश सिंह बघेल ने सारी रात धरना दिया। गुरुवार सुबह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आश्वासन के बाद वह धरना समाप्त कर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
जिला योजना की बैठक के दौरान सांसद शरद त्रिपाठी और मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल के बीच जमकर जूतम पैजार हुई थी। रात आठ बजे विधायक समर्थकों के उग्र होने पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया था।
लाठीचार्ज के विरोध में विधायक राकेश सिंह बघेल समर्थकों समेत कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए थे।रात भर कई दौर में अधिकारियों ने उन्हें मनाने का प्रयास किया, लेकिन विधायक लाठी चार्ज के दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
रात भर परिसर में सुरक्षा के लिए भारी फोर्स लगी रही। गुरुवार की सुबह खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण चौबे ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना समाप्त करने का आग्रह किया।लगभग सवा दस बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का डीएम के पास फोन आया। डीएम ने प्रदेश अध्यक्ष से विधायक की वार्ता कराई। वार्ता के बाद विधायक ने धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस पर धरना समाप्त किया जा रहा है।