मध्यप्रदेश: भोपाल और आस पास के क्षेत्रों में आज सुबह से हो रही बारिश के चलते जहां एक ओर मौसम सुहाना हो गया है, वहीं पिछले करीब एक महीने से भीषण गर्मी की तपिश झेल रहे लोगों को कुछ हद तक राहत भी मिली। राजधानी के साथ साथ आस पास के क्षेत्र जैसे सीहोर मंडीदीप इत्यादि में कल रात से ही बादलों ने अपना डेरा डाल दिया था। हालांकि इसके चलते उमस में काफी इजाफा हो गया था। आज सुबह से बादलों ने धीमे-धीमे बरसना शुरु कर दिया। थोड़ी रुकावट के बाद बुधवार सुबह से प्रदेश में फिर से प्री-मानसून का माहौल सा बन गया है।
मौसम केंद्र के मुताबिक पिछले कुछ घंटों में पूर्वोत्तर अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र बनने के चलते राज्य में बारिश संबंधी गतिविधियों ने जोर पकड़ा है। राज्य के रतलाम, शिवपुरी, मंदसौर, श्योपुर, नीमच, सतना और चंबल संभाग के कई अन्य स्थानों पर कल देर रात से बारिश का दौर रुक-रुक कर जारी है। विभाग ने आज भी राजधानी भोपाल समेत कई स्थानों पर बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बन रहा है। अब अरब सागर और बंगाल की खाड़ी वाली मानसून की दोनों ब्रांच सक्रिय होने से मानसून आगे बढ़ेगा। पिछले चार दिन से मानसून की प्रोग्रेस अटक गई थी। पिछले तीन दिन से भोपाल में प्री-मानसून गतिविधि थमी थी जो बुधवार सुबह से एक बार फिर शुरू हो गई हैं।