मुरैना में पारिवारिक विवाद के चलते एक आरक्षक ने रविवार सुबह अपने घर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। आरक्षक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है। गोली मारने की वजह आरक्षक व उसके परिवार के लोगों ने नहीं बताई।सूत्रों के अनुसार आपसी विवाद में बात बिगड़ गयी और घर वालो से नाराज़गी के चलते आरक्षक ने ये क़दम उठाया।
मुरैना गांव निवासी 28 वर्षीय नितिन पुत्र रमेशचंद्र रीवा पुलिस में पदस्थ है। नितिन शनिवार को ही रीवा से घर आया था। रविवार सुबह करीब आठ बजे नितिन ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली उसके कंधे से होकर पार हो गई। परिवार के लोग तुरंत ही उसे लेकर जिला अस्पताल आए। जिला अस्पताल में उसकी हालत को गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।