इंदौर.पूर्व भाजपा पार्षद रही सुमन यादव, उनके पति आईपीएस यादव, बेटे, बेटी और दामाद के खिलाफ मंगलवार रात बहू ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। बहू का आरोप है कि आरोपी दहेज में 50 लाख रुपए मांगते थे।
महिला थाना प्रभारी के मुताबिक, छोटा बांगड़दा के महावीर नगर निवासी प्रियंका यादव की रिपोर्ट पर पति इंद्रजीत यादव, ससुर आईपीएस यादव, सास सुमन यादव, जेठ जितेंद्र यादव, ननद रानी, नंदोई राज यादव के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक़ प्रियंका को उसकी शादी के वक्त पिता ने दहेज में जेवर सहित 30 लाख रुपए खर्च किए थे। शादी के बाद ससुराल वाले ताने मारने लगे कि हमारे बेटे की तो भिखारियों के यहां शादी हो गई। किसी ने दहेज नहीं दिया। वे लोग 50 लाख रुपए का दहेज मांगने लगे। जब प्रियंका ने मना कर दिया तो वे उसे छत पर जलाने की धमकी देने लगे। बाद में तलाक की धमकी देने लगे। जब प्रियंका ने दहेज से मना किया तो उसे 21 अप्रैल को मायके छोड़ दिया।