Latest News National

भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी…छोटे किसानों और दुकानदारों को 60 साल के बाद पेंशन मिलेगी

नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया गया। इसमें देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर फोकस करते हुए 75 संकल्पों को रखा गया है। दावा किया गया कि इसे छह करोड़ लोगों की मदद से तैयार किया गया। इसे ‘संकल्पित भारत, सशक्त भारत’ नाम दिया गया है। संकल्प पत्र जारी करने के मौके पर भाजपा के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, थावरचंद गहलोत और रामलाल मौजूद थे। लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी मंच पर नहीं थे। 2014 और इससे पहले लगभग हर मौकों पर इन दोनों नेताओं की मौजूदगी में ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया था।

ये है घोषणा पत्र भाजपा का

यूनिफॉर्म सिविल कोड हमारी प्रतिबद्धता अभी भी है और हम इसे करेंगे।राष्ट्रवाद के प्रति हमारी पूरी प्रतिबद्धता है। आतंक के प्रति जीरो टॉलरेंस पॉलिसी रहेगी। भारत में होने वाली घुसपैठ को हम सख्ती से रोकेंगे। सिटिजनशिप अमेंडमेंट बिल को हम संसद के दोनों सदनों से पास कराएंगे और उसे लागू करेंगे। लेकिन किसी राज्य की कल्चरल और भाषाई पहचान को बचाएंगे। राम मंदिर के संकल्प को भी हम दोहराते हैं। हमारा प्रयत्न होगा कि राम मंदिर का जल्द से जल्द निर्माण हो जाए। हमारे प्रधानमंत्री ने शासन की बागडोर संभालते ही कहा था कि किसानों की आय को हम 2022 तक दोगुना करेंगे।1 लाख तक जो क्रेडिट कार्ड पर ब्याज मिलता है 5 सालों तक उस पर ब्याज 0% होगा। हमने फैसला किया है 25 लाख करोड़ रुपए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में हम खर्च करेंगे। राष्ट्रीय व्यापार आयोग बनाएंगे जो व्यापारियों और बिजनेसमैन की चिंता करेगा। यह इनएक्टिव नहीं वेरी एफेक्टिव आयोग होगा। यानी हम लघु और सीमांत किसानों के साथ लघु व्यापारियों को नहीं छोड़ सकते। इसलिए दुकानदारों को भी 60 साल की उम्र के बाद पेंशन देंगे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply