भारत के इतिहास में 49 साल बाद कोई महिला केंद्रीय वित्त बजट पेश करेंगी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 5 जुलाई को बजट पेश करेंगी 1970 में इंदिरा गांधी ने बजट पेश किया था। इंदिरा गांधी ने बतौर वित्त मंत्री 28 फरवरी 1970 को केंद्रीय बजट पेश किया था। अब निर्मला सीतारमण बजट पेश करने वाली दूसरी महिला वित्त मंत्री बन जाएंगी।
वित्तीय बजट से जुडी कुछ बातें
साल 2000 तक फरवरी के आखिरी वर्किंग डे को शाम 5 बजे बजट पेश किया जाता था। 2001 में वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने इस प्रथा को बदल दिया और सुबह 11 बजे बजट पेश किया जाने लगा। यह माना जाता है कि शाम 5 बजे पहले का पसंदीदा समय था क्योंकि यह ब्रिटिश संसद के लिए सुविधाजनक था।
मोरारजी देसाई ने सबसे ज्यादा 10 बार आम बजट पेश किया, इनमें से 8 पूर्ण बजट थे और 2 अंतरिम बजट थे। उन्होंने 1959 से 1963 तक हर साल बजट पेश किया। 1967 से 1969 तक उनका दूसरा कार्यकाल रहा। इसके अलावा उन्होंने 1962-63 और 1967-68 के लिए अंतरिम बजट पेश किया।
जब बजट फाइनल हो जाने के बाद प्रिंट के लिए जाता है, उससे पहले वित्त मंत्रालय में एक समारोह आयोजित किया जाता है, जिसे ‘हलवा समारोह’ कहा जाता है। एक पारंपरिक मिठाई के रूप में हलवा बनाकर मंत्रालय के कर्मचारियों को बांटा जाता है। इसके बाद बजट की छपाई का काम शुरू होता है।
हर बजट महत्वपूर्ण होता है, लेकिन कुछ भारत के इतिहास में दर्ज हैं, उनमें से एक है 24 जुलाई 1991 में तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह द्वारा पेश किया गया बजट, जिसमें भारत की अर्थव्यवस्था को उदार बनाया गया था।