Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बाद अब कुछ राहत की आशंका, प्री-मानसून में कई जगह तेज़ हवाओं के साथ बारिश।

कई दिन से प्रचंड गर्मी झेल रहे प्रदेश के लोगों के लिए राहत की खबर ये है की प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसमें सबसे ज्यादा गिरावट ग्वालियर में दर्ज की गई। यहां बुधवार को 8.7 डिग्री की गिरावट के साथ 38.3 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को ग्वालियर का तापमान 47.0 डिग्री रहा था, वहीं, कटनी और जबलपुर के आसपास तेज आंधी साथ बारिश हुई है, इससे यहां के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भी काफी राहत मिली है

वहीं भोपाल में 10 दिन के बाद तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को भोपाल का तापमान 45.1 डिग्री रहा था। मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही बताया था कि आने वाले एक-दो दिन में प्री मानसून गतिविधियां शुरू होंगी, इससे राहत मिलेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा था कि भोपाल और आसपास 13 और 14 जून को धूलभरी आंधी और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। पूर्व वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एसके नायक ने बताया कि पूर्वी अरब सागर के ऊपर बने चक्रवाती तूफान का असर भी यहां पड़ेगा। इसके चलते गुरुवार और शुक्रवार को आंधी चल सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

यहां बन सकती हैं प्री मानसून की गतिविधियां : स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि एक दो दिन में मध्यप्रदेश के दक्षिणी हिस्से भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभागों के जिलों में मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू होने का अनुमान है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। 13 जून को गुजरात से टकराएगा चक्रवाती तूफान : इसी बीच अरब सागर में आ रहे चक्रवाती तूफान के बारे में उन्होंने बताया कि इसके 13 जून को गुजरात के तट वेरावल में टकराने से वहां तेज बारिश हो सकती है। इसका कुछ असर मध्यप्रदेश पर भी पड़ सकता है और तापमान में गिरावट आ सकती है, लेकिन दो दिन बाद ही गर्मी फिर तेज हो सकती है। समुद्री तूफान 15 जून को निष्क्रिय होने की संभावना है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply