भोपाल । भारतीय जनता पार्टी साध्वी प्रज्ञा सिंह के बयानों ने परेशान है। पार्टी हाईकमान भी नाराज है कि उनके बयान से बार-बार चुनाव आयोग द्वारा नोटिस जारी करने से माहौल खराब हो रहा है। पार्टी के बाद अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने साध्वी को समझाया है कि वे अपने शब्दों पर ध्यान दें। ऐसी बातें न कहें जिससे चुनाव आयोग नोटिस दे या आचार संहिता का उल्लंघन हो।
संघ कार्यालय समिधा में साध्वी को समझाया गया कि उनके बयानों से कांग्रेस को फायदा मिल रहा है। साध्वी के साथ संघ के क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते की मुलाकात लगभग 45 मिनट तक चली। वहां से निकलने के बाद ही साध्वी के सुर बदल गए और बोली कि दिग्विजय को मैंने आतंकी नहीं कहा।
भोपाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा भारती के बयानों से पार्टी परेशान है। एक विवाद थमता नहीं है और दूसरा खड़ा हो जाता है। नामांकन के पहले भी यही स्थिति बनी थी जिसके बाद पार्टी ने साध्वी के साथ कुछ लोगों को तैनात कर दिया, पर उसका फायदा नहीं हुआ।
सूत्रों के मुताबिक साध्वी के उल्टे बयानों को लेकर पार्टी हाईकमान ने नाराजी भी जताई है। इसके बाद भी सुधार न होने से संघ नेताओं से कहा गया कि वे साध्वी को समझाएं कि चुनाव के दौरान क्या बोलना है और क्या नहीं। इसी के बाद शुक्रवार को साध्वी को संघ कार्यालय समिधा बुलाया गया था, जहां क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते ने उनके साथ बातचीत की। एकांत में हुई बातचीत में साध्वी को भाजपा हाईकमान की मंशा से भी अवगत कराया गया।