Bhopal Latest News

साध्वी प्रज्ञा को चुनाव आयोग का एक और नोटिस

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने शनिवार शाम अयोध्या मामले पर विवादित बयान दिया है। इस संबंध में चुनाव आयोग ने साध्वी प्रज्ञा को शनिवार देर रात कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया और उनसे 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा है।

भोपाल सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहीं भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ने मुंबई आतंकी हमले में शहीद हेमंत करकरे के खिलाफ विवादित टिप्पणी के दो दिन बाद फिर विवादित बयान दिया है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की समयसीमा के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विवादित ढांचा गिराने का उन्हें अफसोस नहीं है, बल्कि गर्व है।

मीडिया को दिए इस बयान के बाद भोपाल के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुदाम खाड़े ने नोटिस जारी कर प्रज्ञा से एक दिन के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस मिलने के बारे में पूछे जाने पर प्रज्ञा ने रविवार को बताया कि, ‘मुझे दो नोटिस मिले हैं। राम मंदिर वाले बयान का भी नोटिस मिला है। मैं इसका विधिवत जवाब दूंगी।’

मंदिर बनाने से कोई नहीं रोक सकता : साध्वी 
जब उनसे सवाल किया गया कि क्या वह भी उस समय अयोध्या गई थीं, जब विवादित ढांचे को तोड़ा गया था तो इस पर उन्होंने कहा, हां, मैं वहां गई थी। मैंने यह एक दिन पहले भी कहा था। मैं इससे मुकर नहीं रही हूं। मुझे वहां पर भव्य मंदिर बनाने से कोई नहीं रोक सकता।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply