Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

29 मार्च से भोपाल एयर कनेक्टिविटी में बदलाव, नवीं मुंबई की नई फ्लाइट शुरू, गोवा और अहमदाबाद की उड़ानों में कटौती

 

29 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल में भोपाल की एयर कनेक्टिविटी में बदलाव होगा। …और पढ़ें

29 मार्च से भोपाल एयर कनेक्टिविटी में बदलाव, नवीं मुंबई की नई फ्लाइट शुरू, गोवा और अहमदाबाद की उड़ानों में कटौती

समर शेड्यूल में भोपाल से उड़ानों में बदलाव। (AI Generated Image)

HighLights

  1. नई उड़ान का शुरुआती किराया चार से पांच हजार
  2. इंडिगो ने नवीं मुंबई से भोपाल सीधी उड़ान घोषित
  3. गोवा और अहमदाबाद उड़ानों को बंद करने का प्रस्ताव

भोपाल। 29 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इस बार भोपाल की एयर कनेक्टिविटी बढ़ने के बजाय कम होने जा रही है।

एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने हाल ही में शुरू हुए नवीं मुंबई एयरपोर्ट से भोपाल के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की घोषणा की है, लेकिन इसके साथ ही कंपनी मुंबई की अपनी एक मौजूदा उड़ान बंद करने जा रही है। इसके अलावा गोवा और अहमदाबाद की उड़ानों को भी बंद करने का प्रस्ताव सामने आया है।

नवीं मुंबई से भोपाल के लिए नई उड़ान

हाल ही में शुरू हुए नवीं मुंबई एयरपोर्ट से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें शुरू की गई हैं। अब इस सूची में भोपाल का नाम भी शामिल हो गया है। इंडिगो ने 29 मार्च से नवीं मुंबई और भोपाल के बीच सीधी उड़ान शुरू करने की घोषणा की है।

 

कंपनी ने इसके लिए स्लॉट भी ले लिया है और फ्लाइट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यात्रियों के लिए इस उड़ान की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। इस नई उड़ान का शुरुआती किराया लगभग चार से पांच हजार रुपये के बीच रखा गया है।

मुंबई की एक उड़ान होगी बंद

नवीं मुंबई के लिए नई उड़ान शुरू करने के साथ ही इंडिगो ने भोपाल से मुंबई जाने वाली अपनी एक उड़ान बंद करने का निर्णय लिया है। इसके बाद 29 मार्च से भोपाल और मुंबई के बीच इंडिगो की केवल एक ही उड़ान संचालित होगी।

गोवा और अहमदाबाद उड़ानों पर भी असर

समर शेड्यूल में भोपाल से गोवा और अहमदाबाद की उड़ानों को बंद करने का प्रस्ताव भी सामने आया है। गोवा की उड़ान करीब छह महीने पहले ही शुरू की गई थी, इसलिए इसे बंद किए जाने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

ट्रेवल एजेंटों के अनुसार गोवा की इस उड़ान को लगभग 80 प्रतिशत यात्रियों का लोड मिल रहा था, इसके बावजूद इसे बंद करने का प्रस्ताव आश्चर्यजनक माना जा रहा है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों का शेड्यूल जारी नहीं

एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी समर सीजन के लिए दो नई उड़ानें शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि अब तक इन उड़ानों का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है, जिससे यात्रियों को अभी इंतजार करना पड़ रहा है।

नवीं मुंबई-भोपाल उड़ान का शेड्यूल

उड़ान संख्या: 6-ई 397-753

  • नवीं मुंबई से प्रस्थान – शाम 6:50 बजे
  • भोपाल आगमन – रात 8:10 बजे
  • भोपाल से प्रस्थान – रात 8:50 बजे
  • नवीं मुंबई आगमन – रात 10:20 बजे

बाकी शहर भी जुड़ने की उम्मीद

समर शेड्यूल में फिलहाल नवीं मुंबई उड़ान शुरू करने की सहमति मिली है। समर सीजन करीब छह माह तक लागू रहता है। सीजन के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस कुछ नए शहरों तक भोपाल का कनेक्शन जोड़ने का प्रयास कर रहा है। गोवा, अहमदाबाद उड़ान बंद न की जाए इसके प्रयास किए जा रहे हैं।

– रामजी अवस्थी, एयरपोर्ट डायरेक्टर

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply