Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

MP Weather Update: उत्तर की सर्द हवाओं ने बढ़ाई मध्य प्रदेश में ठिठूरन, आने वाले 3-4 दिनों में शीतलहर के साथ बढ़ेगी ठंड

 

भोपाल: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से आ रही सर्द हवाओं के प्रभाव से मध्य प्रदेश में ठिठुरन बरकरार है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश में सबसे कम 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज किया गया। भोपाल एवं शहडोल जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा। खंडवा एवं नरसिंहपुर में शीतल दिन रहा।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज अभी तीन-चार दिन तक बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और पाकिस्तान के मध्य में द्रोणिका का रूप में बना हुआ है। हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है।

IMD के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठिठुरन बनी हुई है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, शहडोल जिले में शीतलहर का प्रभाव रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है। उसके प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि अभी तीन-चार दिन तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है।

इंदौर में तीव्र ठंडक से मिली राहत

इंदौर में रविवार को शहर में दिन में हल्के बादल छाए और दोपहर में धूप भी निकली। अलसुबह व रात में उत्तरी हवाओं ने ठंडक का अहसास करवाया, हालांकि शीत लहर से राहत रही। रविवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार के मुकाबले रविवार शहरवासियों को तीव्र ठंडक से हल्की राहत मिली। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने व इंदौर में बादल रहने के कारण दिन के साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। सोमवार को शहर में पारा सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

ग्वालियर का मौसम

ग्वालियर शहर का मौसम सोमवार को आम तौर पर खुशनुमा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शहर में दिन के समय धूप खिलेगी और आकाश साफ रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है।

सोमवार को दिन का तापमान 28 डिसे के आसपास ही रहेगा है, जिससे दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस होगी और लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। हालांकि, रात का तापमान आठ डिसे आसपास ही रहेगा। जिससे सुबह व रात में ठंड रहेगी। रविवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिसे और दिन का तापमान 28 डिसे पर रहा।

जबलपुर में कड़ाके की ठंड

जबलपुर में तेज ठंड का असर रविवार को भी बना रहा। उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवा लोगों को सिहराती रही। दिन का अधिकतम तापमान मामूली बढ़त के साथ 25.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आंशिक बढ़ोतरी के बीच गलन वाली ठंड से लोगों की कंपकंपी छूटती रही।

मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच ठंड का असर ऐसा ही बना रहेगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply