देवास। कांटाफोड़ के गलचौक में रहने वाली एक विवाहिता की उसी के पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार कांटाफोड़ के गलचौक में रहने वाले संतोष पिता सिंगनाथ को शंका थी उसकी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है। रंगपंचमी के दिन इस बात को लेकर संतोष का अपनी पत्नी रमाबाई से विवाद हो गया। विवाद के दौरान संतोष ने अपनी पत्नी की डंडे और चप्पल से मारपीट करना शुरू कर दी। संतोष ने इतना पीटा की उसकी मौत हो गई। संतोष ने मारपीट की और फिर नशे में सो गया। दूसरे दिन जब संतोष ने पत्नी को उठाया तो उठी नहीं। तब उसे समझ में आया कि उसकी मौत हो गई। जिसके बाद यह बात अपने भाई राकेश को बताई और उसने मृतिका रमाबाई के परिजनों को बताया कि उसकी मौत हो गई।
10 वर्ष पहले नातरा करा था संतोष ने रमाबाई से
संतोष ने रमाबाई के साथ करीब 10 वर्ष पहले नातरा करा था। उसके एक बेटा गप्पु उर्फ हेमंत 7 वर्ष और एक बेटी मीरा 4 वर्ष है। आरोपी संतोष कुछ काम नहीं करता है। वहीं शराब का आदी है। संतोष दिन भर शराब के नशे में ही रहता था। बताया जा रहा है कि नातरा करके लाने बाद से संतोष पत्नी रमाबाई के साथ मारपीट करता था। रंगपंचमी के दिन रमाबाई जब घर पर संतोष को नहीं मिली तो इस बात को लेकर विवाद हुआ और उसने उसके साथ मारपीट की। मृतिका रमाबाई का पूरा शरीर नीला पड़ गया था। जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है पुलिस को संतोष के घर पर राशन तक नहीं मिला और न ही एक कटोरी आटा था। डाक्टर ने बताया कि मृतिका रमाबाई का पेट भी खाली था। जिसका मतलब उसने दिन भर कुछ नहीं खाया था।
इनका कहना है
संतोष ने अपनी पत्नी रमाबाई की चरित्र शंका के चलते डंडे और चप्पल से पीटा था। जिससे उसकी मौत हो गई। संतोष ने उसके साथ 10 वर्ष पहले नातरा किया था। संतोष को गिरफ्तार कर लिया है।
व्ही.पी. शर्मा
थाना प्रभारी,कांटाफोड