MP News: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से मौतों के मामले में राज्य सरकार और खासकर मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को …और पढ़ें

युवा कांग्रेस अध्यक्ष के ‘जिन्नाजी’ वाले बयान पर घिरी कांग्रेस
भोपाल। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से मौतों के मामले में राज्य सरकार और खासकर मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को घेरने की कोशिश कर रही कांग्रेस अब देश विभाजन के जिम्मेदार मोहम्मद अली जिन्ना को ‘सम्मान’ पर घिर गई है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने जिन्ना को ‘जी’ कहकर आत्मघाती गोल कर दिया है। अब भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस अराजकता की ओर बढ़ रही है।
उल्लेखनीय है कि इसके पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कुख्यात आतंकी ओसामा बिन लादेन को ‘ओसामा जी’ कहकर संबोधित कर चुके हैं। अलबत्ता, चिब के बयान पर मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कामले ने अपने नेताओं को सलाह दी है कि जिन्ना देश विभाजन के सबसे बड़े गुनहगारों में एक हैं, इसलिए जब कोई संदर्भ आए तो पृष्ठभूमि का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। कोई भी बयान देते समय यह अवश्य देखा जाए कि जो कहा जा रहा है, वह कितना सामयिक है।
मध्य प्रदेश भाजपा के मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि भारत विरोधी जितनी भी शक्तियां काम कर रही हैं, उनके प्रति सम्मान कांग्रेस पार्टी ने अधिकृत तौर पर दिखाया है। वहीं, उसने भारत के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के प्रति अनादर दिखाने वाली टिप्पणियां भी की हैं। यहां तक की अपशब्द वाली भाषा का भी उपयोग किया है। यह प्रवृत्ति बताती है कि कांग्रेस अराजकता की ओर बढ़ चली है। यही कारण है कि देश की जनता ने उसे नकार दिया है।
बता दें, उदय भानु चिब ने शनिवार को इंदौर में मीडिया से चर्चा में कह दिया था कि स्वतंत्रता के लिए बहुत से नेता जेल में रहे थे, जैसे भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, ‘जिन्ना जी’, कितने ही लोग बलिदान हुए। उनके बलिदान के बाद देश को स्वतंत्रता मिली।




