मध्य प्रदेश के कई इलाकों में अभी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार-सोमवार को रीवा, शहडोल, जबलपुर संभाग के जिलों में कही …और पढ़ें

प्रदेश के कई जिलों में शीलहर और कोहरे का अलर्ट (फाइल फोटो)
HighLights
- प्रदेश में रात का सबसे कम 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज
- दिन का सबसे अधिक 30.4 डिग्री सेल्सियस तापमान उज्जैन में रिकॉर्ड हुआ
- ग्वालियर, चंबल एवं सागर संभाग में कोहरे का अलर्ट, कई जिलों में शीतलहर
भोपाल: सर्द हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकतर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर बना हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज किया गया। शहडोल एवं कटनी में शीतलहर का प्रभाव रहा।
भोपाल एवं ग्वालियर में हल्का कोहरा रहा। दिन का सबसे अधिक 30.4 डिग्री सेल्सियस तापमान उज्जैन में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार-सोमवार को रीवा, शहडोल, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर का प्रभाव रह सकता है। ग्वालियर, चंबल एवं सागर संभाग के जिलों में कोहरा छा सकता है।
प्रदेश में रविवार का मौसम
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं शीतलहर का प्रभाव रह सकता है। उत्तरी मध्य प्रदेश के जिलों में कोहरे का असर देखा जा सकता है। प्रदेश के शेष क्षेत्र में मौसम के मिजाज में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। सोमवार से प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं।
यह सिस्टम सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में अफगानिस्तान एवं उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। दक्षिणी पाकिस्तान एवं उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है।
उत्तर-पूर्व भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 269 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। इसके अतिरिक्त 19 एवं 21 जनवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ द्वारा उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।




