वर्ष 2014 में मान्यता समाप्त होने के बावजूद संचालित वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के कार्यालय को रेल प्रशासन ने सील कर दिया।

12 साल बाद एम्प्लाइज यूनियन का कार्यालय सील कर दिया गया। नईदुनिया।
HighLights
- वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के कार्यालय को रेल प्रशासन ने सील कर दिया
- वर्ष 2014 में मान्यता समाप्त होने के बावजूद 12 साल से किया जा रहा था संचालित
- एक करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि है, जिसकी वसूली की मांग की गई है
भोपाल । पश्चिम मध्य रेलवे में वर्ष 2014 में हुए मान्यता चुनाव में हार के बाद मान्यता खो चुकी वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के खिलाफ रेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने एक अगस्त को यूनियन के कार्यालय को सील कर दिया था।
इससे पहले यूनियन को मान्यता के आधार पर मिली अधिकांश सुविधाएं पहले ही वापस ली जा चुकी थीं।
12 साल से हाे रहा था संचालन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दिसंबर 2014 में मान्यता चुनाव हारने के बाद भी यूनियन के पास कार्यालय बना हुआ था। वहीं, पश्चिम मध्य रेल कर्मचारी परिषद और वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ लगातार मांग कर रहे थे कि मान्यता समाप्त होने के बाद यूनियन को मिली सभी सुविधाएं वापस ली जाएं।
इसके बाद प्रशासन ने पहले सीयूजी सिम, कार्ड पास और स्पेशल कैजुअल लीव जैसी सुविधाएं समाप्त कीं और अब कार्यालय भी सील कर दिया है।
बकाया राशि वसूलने की तैयारी
कर्मचारी परिषद का दावा है कि यूनियन पर कार्यालय के किराए की एक करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि अभी भी बाकी है। परिषद ने मांग की है कि यह राशि यूनियन के जिम्मेदार पदाधिकारियों के वेतन से प्रतिमाह वसूली जाए। साथ ही, सेवानिवृत्ति के समय उनका अंतिम भुगतान (सेटलमेंट) रोककर बकाया राशि की समायोजन प्रक्रिया पूरी की जाए।
इस कार्रवाई के बाद पश्चिम मध्य रेलवे में कर्मचारी संगठनों के बीच एक बार फिर मान्यता और प्रशासनिक सुविधाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
बकाया राशि के लिए पदाधिकारियों का नोटिस जारी कर दिया गया है। अगर समय पर राशि जमा नहीं कराई गई तो मान्यता चुनाव लड़ने से भी अयोग्य घोषित किया जा सकता है।- हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ, जबलपुर




