Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

कलाई कटी, शरीर पर जख्म और दो स्याही में लिखा मिला सुसाइड नोट

 

भोपाल। एमपी नगर थाना क्षेत्र में स्कूल के लिए घर से निकली आठवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव घर के पास स्थित एक बंद स्टोर रूम में फंदे पर लटका मिला।

उसके शरीर पर कलाई की नस कटने, घुटनों के छिलने और पैरों के नाखूनों में चोट के निशान हैं। स्टोर रूम से सटी बाथरूम में भी खून मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है। स्वजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस की जांच पर भी सवाल उठाए हैं।

गुरूवार को घर से निकली, अगले दिन मिला शव

छात्रा पड़ोस के एक स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती थी और चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। गुरुवार सुबह करीब 10:45 बजे वह स्कूल के लिए घर से निकली थी। छुट्टी के बाद शाम पांच बजे तक घर नहीं पहुंची तो स्वजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर वे एमपीनगर थाने पहुंचे। पुलिस ने जांच करने की बजाए पहले आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाश करने को कहा। देर रात तक छात्रा का पता नहीं चलने पर गुमशुदगी दर्ज की गई।

प्रारंभिक जांच में फांसी लगने से मौत

शुक्रवार शाम करीब सात बजे छात्रा का शव घर के पास स्थित स्टोर रूम में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाया तो छात्रा छत के कुंदे से फंदे पर लटकी मिली। कमरे में फंदे के पास कूलर रखा था।

छात्रा के हाथ की नस कटी थी। साथ ही उसके घुटनों और पैरों के नाखून में चोट थी। पुलिस का अनुमान है कि छात्रा ने कूलर पर चढ़कर फंदा लगाया होगा। शार्ट पीएम में मौत का कारण फांसी लगना बताया गया है।

दो रंगों की स्याही वाला नोट भी बना जांच का अहम बिंदु

पुलिस को घटनास्थल के पास कूलर पर एक पन्ना मिला है। इसमें अलग-अलग रंगों की स्याही से दो भाषाओं में लिखा गया है। अंग्रेजी में लिखे हिस्से में छात्रा की मौत की विस्तृत जांच की बात कही गई है, जबकि नीचे दूसरे रंग की स्याही से हिंदी में एक युवक का नाम और उससे दोस्ती का जिक्र मिला है।

पुलिस अब छात्रा के दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ कर इस युवक से उसके संबंधों की जानकारी जुटा रही है।

स्वजनों ने एमपीनगर थाने का किया घेराव

स्वजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें सुसाइड नोट की जानकारी तत्काल नहीं दी। इससे नाराज परिजनों ने शनिवार को एमपी नगर थाने पहुंचकर घेराव किया और मामले को दबाने का आरोप लगाया।

एएसआई दिनेश खजूरिया ने बताया कि छात्रा के दोस्तों और सहपाठियों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मौत पर उठ रहे ये सवाल

– यदि खुदकुशी करनी थी तो छात्रा ने पहले कलाई की नस क्यों काटी?

– बाथरूम में खून बहने के बाद वह कूलर पर चढ़कर फंदा लगाने की स्थिति में कैसे पहुंची?

– करीब दस फीट ऊंची छत पर पांच फीट लंबी छात्रा ने कूलर के सहारे फंदा कैसे लगाया?

– घुटनों और पैरों के नाखूनों पर चोट के निशान कैसे आए?

– दो अलग रंगों की स्याही में लिखे नोट की परिस्थितियों की जांच कैसे हुई?

– स्वजनों को सुसाइड नोट की जानकारी तत्काल क्यों नहीं दी गई?

शार्ट पीएम में छात्रा की मौत का कारण फांसी से होने की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। विस्तृत जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।- विकास शहवाल, डीसीपी जोन-2

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply