भोपाल के दो पेट्रोल पंपों पर पानी मिला पेट्रोल मिलने से हंगामा हुआ। खाद्य विभाग ने नमूने जांच के लिए भेजे। ग्राहकों को करीब 19 हजार रुपये लौटाए।

HighLights
- पुष्पा नगर पेट्रोल पंप पर पानी मिला पेट्रोल मिला।
- पेट्रोल भरवाने के बाद कई बाइकें रास्ते में बंद हुईं।
- खाद्य विभाग ने पेट्रोल के नमूने जांच हेतु भेजे।
भोपाल। शहर में तेज वर्षा के बीच सोमवार को पंपों पर पानी मिला पेट्रोल मिलने से ग्राहाकों ने हंगामा मचा दिया।जिसकी जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया, जिसमें प्राथमिक तौर पर पुरानी पाइप लाइनों से वर्षा का पानी पेट्रोल में मिलने का पता चला है, लेकिन टीमों ने नमूने लेकर जांच के लिए कंपनी की प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
इसके बाद ही पता चलेगा कि पेट्रोल में पानी किस तरह से मिला है।हालांकि पंप संचालकों ने करीब 100 से अधिक ग्राहकों को करीब 19 हजार रुपये वापस दिलवाए हैं।
थोड़ी दूर जाकर बंद होने लगी बाइक
- जानकारी के अनुसार भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अशोकागार्डन पुष्पा नगर स्थित फैम फिलिंग पेट्रोल पंप पर सोमवार को ग्राहक दो पहिया वाहनों में पेट्रोल डलवाने पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने जब वाहनों में पेट्रोल डाला तो कुछ दूर चलने के बाद उनके वाहन झटके के साथ बंद होना शुरू हो गए। जब उन्होंने पेट्रोल बोतल में निकाला तो उसमें आधा पानी व आधा पेट्रोल दिखा।
- इससे ग्राहकों ने पंप पहुंचकर हंगामा मचा दिया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम सहायक आपूर्ति अधिकारी अशोक सत्यार्थी के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंची और बीपीसीएल के अधिकारियों को भी बुला लिया। जिनके सामने टीम ने पेट्रोल के नमूने लिए और पाइप लाइन की जांच की।
- इस दौरान पता चला कि पाइप लाइन में कई जगहों पर जंग लगी हुई थी और छेद हो रहे थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं के जरिए वर्षा का पानी पेट्रोल में जाकर मिला होगा। हालांकि जब तक नमूनों की जांच रिपोर्ट नहीं मिल जाती, तब तक पानी कैसे मिला इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है। फिलहाल पंप संचालक ने 45 ग्राहकों को करीब 9 हजार रुपये वापस लौटाए हैं।
राजधानी पंप पर भी मिला पेट्रोल में पानी
जहांगीराबाद स्थित बीपीसीएल के राजधानी पंप पर भी पानी मिला पेट्रोल मिलने की सूचना टीम को मिली थी।इससे टीम पंप पर पहुंची और निरीक्षण किया तो पता चला कि ग्राहकों को पानी मिला पेट्रोल दिया जा रहा था।इससे यहां से पेट्रोल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। यहां संचालक द्वारा करीब 70 ग्राहकों से पेट्रोल वापस लेकर करीब 10 हजार रुपये लौटाए गए हैं।टीम ने इनके अलावा शहर के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी औचक निरीक्षण किया।
इनका कहना है
शहर के दो पेट्रोल पंपों पर डीजल व पेट्रोल पानी मिला हुआ आपूर्ति करने की सूचना मिली थी।इससे टीमों को भेजकर जांच करवाई गई तो पुष्पा नगर व जहांगीराबाद स्थित बीपीसीएल के पंपों पर पेट्रोल में पानी मिलने की पुष्टि हुई है।इसके बाद ग्राहकों को रुपये वापस दिवालने के साथ ही अभी आपूर्ति रूकवा दी गई है।जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक




