भोपाल। हिंदुत्व के नाम पर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा पर भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने तीखा प्रहार किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमारे लिए धर्म आस्था का विषय है, भगवान से हमारा निजी रिश्ता है, भाजपा के लोग कब से मेरे और ईश्वर के बीच आ गए, सर्टिफिकेट देने वाले एजेंट बन गए? उन्होंने आरोप लगाया कि संघ का हिंदुत्व जोड़ता नहीं तोड़ता है। अपने धर्म का राजनीतिक अपहरण मैं कभी नहीं होने दूंगा।
पूर्व सीएम दिग्विजय ने कहा कि मैं उस हिंदू धर्म को मानता हूं, जो हजारों सालों से दुनिया को जीने की राह सिखाता आया है। मैं अपने धर्म को हिंदुत्व के हवाले कभी नहीं करूँगा, जो केवल और केवल राजनीतिक सत्ता पाने के लिए संघ का षडयंत्र है। मुझे अपने सनातन हिंदू धर्म पर गर्व है जो वसुधैव कुटुम्बकम की बात कहता है।
दिग्विजय ने कहा कि हिंदू धर्म मेरी आस्था है। इसीलिए मैंने अपनी नर्मदा परिक्रमा का प्रचार नहीं किया, राघोगढ़ मंदिर की परम्पराओं का कभी प्रचार नहीं किया, दशकों गोवर्धन परिक्रमा और पंढरपुर दर्शन का प्रचार नहीं किया।