Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

एमपी में ‘अतिथियों’ के भरोसे सरकारी स्कूलों की पढ़ाई; 77,247 नियमित शिक्षकों के पद खाली, DPI से खुलासा

एग्रसर इंडिया (AgrasarIndia)

भोपाल / शिक्षा एवं रोजगार डेस्क

मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों का भारी टोटा: वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 77,247 अतिथि शिक्षकों के भरोसे चल रही पढ़ाई; माध्यमिक और प्राथमिक स्तर पर सबसे ज्यादा रिक्तियां

भोपाल: मध्य प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में नियमित शिक्षकों की भारी कमी एक बार फिर खुलकर सामने आई है। राज्य के शासकीय स्कूलों में अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे मुख्य और महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई आज भी नियमित शिक्षकों के अभाव में अतिथि शिक्षकों के कंधों पर टिकी हुई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के ‘अतिथि शिक्षक पोर्टल 3.0’ से सामने आए आंकड़ों के अनुसार, चालू शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेशभर के स्कूलों में कुल 77,247 अतिथि शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

प्रमुख बिंदु (Highlights)

  • माध्यमिक स्तर पर सबसे ज्यादा खाली पद: डीपीआई के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के सरकारी स्कूलों में सबसे अधिक रिक्तियां माध्यमिक स्तर पर हैं। अकेले माध्यमिक स्कूलों में ही करीब 43 हजार नियमित शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं, जहां अतिथि शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही है। इसमें अंग्रेजी विषय के करीब 15,464, गणित के 10,922 और सामाजिक विज्ञान के करीब 8,295 पद शामिल हैं।

  • प्राथमिक और उच्च माध्यमिक स्तर की स्थिति: प्राथमिक स्तर पर लगभग 19,023 और उच्च माध्यमिक (वर्ग-1) स्तर पर करीब 15,127 पद रिक्त हैं। उच्च माध्यमिक स्तर पर विशेष तौर पर हिंदी (2,209), राजनीति विज्ञान (1,580), अंग्रेजी (1,519), रसायनशास्त्र (1,466) और अर्थशास्त्र (1,441) जैसे विषयों में अतिथि शिक्षकों की बड़ी संख्या तैनात है।

  • हर साल रिक्त हो रहे 20 से 25 हजार पद: शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में हर साल औसतन 10 से 12 हजार शिक्षक सेवानिवृत्त (Retire) होते हैं, जबकि लगभग 10 हजार शिक्षकों के तबादले होते हैं। इस प्रकार हर साल लगभग 20 से 25 हजार पद रिक्त हो जाते हैं, जिन्हें भरने के लिए अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करनी पड़ती है।

  • विभाग की प्राथमिकता: लोक शिक्षण के संयुक्त संचालक धर्मेन्द्र शर्मा ने बताया कि आगामी वार्षिक एवं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को पोर्टल पर तेजी से अपडेट किया जा रहा है, ताकि समय रहते अतिथि शिक्षकों की पदस्थापना की जा सके और विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी तरह प्रभावित न हो।

वर्गवार और विषयवार रिक्त पदों की स्थिति

  • कुल रिक्त पद (वर्गवार):

    • उच्च माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-1): 15,127

    • माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-2): 43,097

    • प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3): 19,023

    • कुल रिक्त पद: 77,247

  • वर्ग-1 में सर्वाधिक रिक्त विषय: हिंदी (2,209), राजनीति विज्ञान (1,580), अंग्रेजी (1,519), रसायनशास्त्र (1,466), इकोनामिक्स (1,441), भौतिकी (1,379) और गणित (1,236)।

  • वर्ग-2 में सर्वाधिक रिक्त विषय: अंग्रेजी (15,464), गणित (10,922), सामाजिक विज्ञान (8,295), संस्कृत (3,522), हिंदी (2,865) और जीवविज्ञान (1,880)।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply