Agrasar India | Bhopal Desk | 23 अप्रैल 2025
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी से महज 35 किलोमीटर दूर मंडीदीप इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। सरकारी स्वामित्व वाली गेल इंडिया लिमिटेड के प्लांट से मीथेन गैस का रिसाव हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना बुधवार की सुबह करीब 2 बजे की है। जैसे ही गैस लीक की खबर फैली, प्रशासन और उद्योग इकाइयों में हड़कंप मच गया। उपमंडल दंडाधिकारी चंद्रशेखर श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए 200 मीटर के दायरे में मौजूद सभी उद्योगों में तत्काल उत्पादन बंद करवा दिया गया और आवागमन भी रोक दिया गया।
क्या है मीथेन गैस?
मीथेन एक अत्यधिक ज्वलनशील, रंगहीन और गंधहीन गैस होती है। यह थोड़ी सी भी लापरवाही में बड़ा विस्फोट कर सकती है। इसलिए रिसाव को लेकर ‘लेवल-3 अलर्ट’ जारी किया गया।
गेल प्लांट फिलहाल बंद
गेल संयंत्र से गैस का रिसाव होते ही सभी सुरक्षा टीमें सक्रिय हो गईं। मौके पर विशेषज्ञों की टीम ने पहुंचकर रिसाव की वजह को चिन्हित किया और लीक हो रहे वाल्व की मरम्मत की गई। तब तक संयंत्र से उत्पादन पूरी तरह से रोक दिया गया।
अभी जांच जारी है
मंडीदीप उद्योग संघ के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और गेल संयंत्र में सुरक्षा के सभी प्रोटोकॉल की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल खतरा टल चुका है लेकिन जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं होती, संयंत्र को चालू नहीं किया जाएगा।
अग्रसर इंडिया की अपडेट:
घटना को लेकर प्रशासन सतर्क है और हर स्तर पर जांच की जा रही है। मंडीदीप में काम कर रहे हज़ारों कर्मचारियों और आसपास के निवासियों के लिए यह राहत की खबर है कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
ऐसी और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें Agrasar India Bhopal Desk के साथ।