भोपाल। राजधानी के पीपुल्स यूनिवर्सिटी परिसर में गुरुवार सुबह अफरा-तफरी मच गई जब विश्वविद्यालय प्रबंधन को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी देने वाले ने ईमेल में दावा किया कि परिसर में जहरीले साइनाइड युक्त बम रखे गए हैं, जिन्हें दोपहर 12:15 बजे विस्फोट किया जाएगा।
ईमेल में आतंकी अंदाज में लिखा गया था, “आपके कॉलेज में सायनाइड पॉइजन वाले बम रखे हैं। सुबह 11:00 बजे तक डॉक्टर और स्टूडेंट्स को निकाल लें। अल्लाहु अकबर।” इस धमकी के बाद प्रबंधन ने तुरंत हरकत में आते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एहतियात के तौर पर पूरे विश्वविद्यालय परिसर को खाली करा लिया गया। बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड ने पूरी इमारत की बारीकी से तलाशी ली। फिलहाल जांच जारी है और किसी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ने धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया है।




