Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल बड़े तालाब पर संकट, 50 मीटर के दायरे में मिलीं 150 अवैध झुग्गियां, राजस्व विभाग ने थमाए लाल निशान

 

भोपाल। शहर की लाइफ लाइन बड़े तालाब के सीमांकन की प्रक्रिया जारी है, जिसके तहत संत हिरदाराम नगर तहसील के राजस्व अमले ने गुरुवार को ग्राम लाउखेड़ी, बोरवन और बेहटा में एफटीएल व 50 मीटर दायरे की सीमा तय करने के लिए सीमांकन किया। जिसमें पता चला कि बड़े तालाब में 150 से अधिक झुग्गियां तन गई हैं, जिन्हें अमले ने लाल निशान लगाते हुए चिह्नित कर दिया है।

रहवासियों के विरोध के बीच हुई कार्रवाई

जब अमला झुग्गियों को चिह्नित कर रहा था, तब रहवासियों ने विवाद करते हुए विरोध करना शुरू कर दिया था। जिस पर अधिकारियों ने बताया कि टीएंडसीपी के नक्शे और एनजीटी व सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार सीमांकन किया जा रहा है, जिसके बाद रहवासी शांत हुए और कार्रवाई पूरी हो सकी।

 

जानकारी के अनुसार बड़े तालाब के सीमांकन की प्रक्रिया संत हिरदाराम नगर तहसील के वीआइपी रोड क्षेत्र से एक सप्ताह पहले शुरू हुई थी। जिसे होली के अवकाश की वजह से रोक दिया गया था, जो कि गुरुवार को ग्राम लाउखेड़ी, बोरवन, बेहटा से शुरू हुई।

संयुक्त अमले ने टीएंडसीपी नक्शे से नापी सीमा

यहाँ दोपहर डेढ़ बजे राजस्व, वन विभाग, नगर निगम का संयुक्त अमला पहुंचा और टीएंडसीपी के नक्शे के अनुसार बड़े तालाब के एफटीएल, 50 मीटर दायरे का सीमांकन शुरू किया।

अमले ने साढ़े चार बजे तक कार्रवाई करते हुए ग्राम बोरवन में 50 मीटर दायरे में 50 झुग्गियां, बोरवन की बूढ़ाखेड़ा बस्ती में 50 झुग्गियों पर लाल निशान लगाए। वहीं ग्राम बेहटा के ओल्ड डेयरी फार्म कर्नल के बंगले के पास करीब 60 से 70 झुग्गियां 50 मीटर दायरे में चिह्नित की गई हैं।

अमले से रहवासी बोले- ‘हम यहीं पैदा हुए हैं’

राजस्व अमला जब सीमांकन कर झुग्गियों पर लाल निशान लगा रहा था, तब ही रहवासियों ने विरोध करना शुरू कर दिया था। उनका आरआइ व पटवारियों से विवाद तक हुआ, वह बोल रहे थे कि लाल निशान क्यों लगा रहे हो? हम लोगों का जन्म ही यहीं पर हुआ है। अधिकारियों ने समझाया कि सिर्फ अभी सीमांकन कर निशान लगा रहे हैं, तब जाकर लोग शांत हुए।

200 से ज्यादा निर्माणों को किया गया चिह्नित

राजस्व अमले द्वारा वीआइपी रोड, खानूगांव, हलालपुर, लाउखेड़ी, बोरवन, बेहटा में सीमांकन करते हुए करीब 200 निर्माणों को चिह्नित किया है। वीआइपी रोड पर केके हाउस, सुपर बिल्डर, शासकीय बंगला, कोचिंग सेंटर, खानूगांव में गुलबाग लान, आइएएस का बंगला, चादर शेड सहित और बोरवन, बेहटा गांव में 150 झुग्गी आदि 50 मीटर दायरे में आ रहे हैं।

अधिकारियों का पक्ष: शासन तय करेगा अगला कदम

बड़े तालाब की सीमाओं को चिह्नित करने के लिए गुरुवार को लाउखेड़ी, बेहटा, बोरवन गांव में सीमांकन किया गया है। इस दौरान 50 मीटर दायरे में झुग्गियां बनी हुई मिली हैं, जिन पर अमले ने लाल निशान लगाए हैं। इससे पहले भी खानूगांव, हलालपुर, वीआइपी रोड पर इस सीमा में आने वाले निर्माण चिह्नित किए जा चुके हैं और हलालपुर में तोडने की कार्रवाई की गई थी। लगातार नजर रखी जा रही है। – (रविशंकर राय, एसडीएम, संत हिरदाराम नगर)

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply