Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल के जवाहर चौक पर आज किसान महा चौपाल, राहुल गांधी और खड़गे होंगे शामिल; सुबह 10 बजे से ट्रैफिक डायवर्ट

 

भोपाल: अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस मंगलवार (24 फरवरी) को भोपाल में किसान महाचौपाल करेगी। शहर के बीच अटल पथ पर होने वाले इस महाचौपाल में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

दोनों नेता यहां दो घंटे रहेंगे। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने कार्यक्रम में प्रदेशभर से 50 हजार से अधिक किसानों और कार्यकर्ता के शामिल होने का दावा किया है। भोपाल के बाद जम्मू कश्मीर और राजस्थान में कांग्रेस किसान महाचौपाल करेगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि अमेरिका में बने उत्पाद भारत में बेचने की तैयारी है। यदि कपास, दलहन और डेयरी उत्पादों में देश आत्मनिर्भर है, तो बाहर से आयात की क्या आवश्यकता है? उन्होंने कहा कि महाचौपाल के बाद बुधनी में किसान चौपाल होगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र विदिशा से किसान पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को प्राप्त कार्यक्रम में अनुसार, राहुल गांधी मंगलवार को दोपहर 1.10 भोपाल पहुंचेंगे। दो से साढ़े तीन बजे तक किसान महाचौपाल में रहेंगे। 4.15 बजे पर भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहीं, मल्लिकार्जुन खरगे एक घंटे पहले भोपाल पहुचेंगे।

10 बजे से ही रूट डायवर्जन लागू

शहर के जवाहर चौक पर आयोजित होने वाली किसान महाचौपाल के मद्देनजर मंगलवार को यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हो रहे हैं। वीआइपी मूवमेंट और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 10 बजे से ही रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है।

पुलिस आम वाहन चालकों को असुविधा से बचाने के लिए पुलिस ने निम्नलिखित मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। -जवाहर चौक कार्यक्रम स्थल होने के कारण यहाँ आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। डिपो चौराहा से आने वाले वाहन पीएनटी या पॉलिटेक्निक चौराहे का उपयोग कर सकेंगे। प्लेटिनम चौराहा से जवाहर चौक जाने वाले वाहन माता मंदिर या टीटी नगर होकर निकल सकेंगे।

वहीं, रंगमहल से आने वाले वाहनों को बाणगंगा या माता मंदिर की ओर मोड़ा गया है।नीलबड़ से रोशनपुरा जाने वाले वाहन साक्षी ढाबा, केरवा और कलियासोत डैम रोड से होते हुए चूना भट्टी और चार इमली मार्ग का चयन करें। विशेष ध्यान दें कि एयरपोर्ट जाने के लिए पीएचक्यू, लिली टॉकीज, भारत टाकीज, हमीदिया रोड और लालघाटी वाले मार्ग का ही उपयोग करें। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए संभागवार पार्किंग तय की गई है

बाहर से आने वालों की वाहन पार्किंग

  • इंदौर-सीहोर मार्ग: अटल पथ (लाड़ली लक्ष्मी पार्क) पर पार्किंग
  • नर्मदापुरम मार्ग: मानसरोवर और माता मंदिर होते हुए अटल पथ पर पार्किंग
  • रायसेन-सागर मार्ग: टीटी नगर स्टेडियम के बाईं ओर।
  • ग्वालियर-राजगढ़ मार्ग: वीआईपी रोड और पालिटेक्निक होते हुए टीटी नगर दशहरा मैदान।

विशिष्ट अतिथियों के वाहन मॉडल स्कूल के पास पार्क किए जाएंगे। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का पालन करें। किसी भी समस्या के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply