जिले में वर्ष 2026-27 की कलेक्टर दिशा-निर्देश बनाने की प्रक्रिया शुरू, संपत्ति बाजार के मौजूदा दाम आधार होंगे
भोपाल। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की कलेक्टर गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। पंजीयन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी संपत्ति बाजार का सर्वे कर रहे हैं। जल्द ही इस संबंध में एक बैठक आयोजित कर दिशा-निर्देशों के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।
प्रशासन ने भोपाल जिले की नगरीय व ग्रामीण सीमा क्षेत्रों में हुई जमकर संपत्ति खरीद-फरोख्त के मद्देनजर इन इलाकों का रिकॉर्ड पटवारियों से तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि कितनी जगहों पर राजस्व दरों से अधिक दामों पर रजिस्ट्री हुई है। अधिक दाम पर होने वाली रजिस्ट्री को ही दरों में वृद्धि का आधार बनाया जाएगा।
इस कार्य के लिए हुजूर, कोलार और बैरसिया तहसील के एसडीएम व तहसीलदारों द्वारा पटवारियों के माध्यम से सर्वे कराकर जानकारी जुटाई जा रही है।
भोपाल जिले के कटारा हिल्स, अवधपुरी, खजूरी कलां, 11 मील, सहारा एस्टेट, सलैया, कोलार, नर्मदापुरम रोड, बायपास क्षेत्र, रायसेन रोड सहित नगरीय व ग्रामीण सीमा के लगभग 40 से अधिक इलाकों में जोरदार संपत्ति कारोबार हो रहा है। इन्हीं क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पंजीयन विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि तैयारियां लगभग पूरी होने को हैं और जल्द ही प्रस्ताव तैयार हो जाएगा। उप जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में इसे रखा जाएगा। जिन क्षेत्रों में तय दाम से अधिक दाम पर रजिस्ट्री हुई है, वहां पर संपत्ति की दरों में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जा सकती है। नई दरें फरवरी माह तक तय होने की उम्मीद है।




