Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में ‘अजीब डिजाइन के जूतों’ ने पहुंचाया जेल, पॉश कॉलोनियों में आतंक मचाने वाले चेन लुटेरे गिरफ्तार

 

शहर की पॉश कालोनियों में महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन लूटने वाले शातिर बदमाशों को अयोध्यानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश बा …और पढ़ें

भोपाल में 'अजीब डिजाइन के जूतों' ने पहुंचाया जेल, पॉश कॉलोनियों में आतंक मचाने वाले चेन लुटेरे गिरफ्तार

भोपाल में ‘अजीब डिजाइन के जूतों’ ने पहुंचाया जेल, AI generated image

 

भोपाल। शहर की पॉश कालोनियों में महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन लूटने वाले शातिर बदमाशों को अयोध्यानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश बाइक की नंबर प्लेट निकालकर शहर की कालोनियों में रेकी करते। पहचान छुपाने चालक सिर पर हेलमेट तो पीछे बैठकर चेन लूटने वाले बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर रखता था। रिहायशी कालोनियों में वाक पर निकलने वाली महिलाओं से वे चेन लूटकर भाग जाते। लूटे गई सोनों की चेनों को वे गोल्ड लोन बैंक में गिरवी रखते थे। साथ ही एक चेन मिनाल के ही सुनार को बेच दी थी। पुलिस ने सुनार को भी आरोपित बनाया है।

फूड डिलीवरी बॉय और झपटमार की ‘खतरनाक’ दोस्ती

फिलहाल बदमाशों ने अयोध्यानगर और बागसेवनिया में लूट की आठ वारदातें करना कबूल की हैं। पुलिस शहर में लूट की अन्य घटनाओं को लेकर भी उनसे पूछताछ कर रही है। अयोध्यानगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि 28 वर्षीय निखिल शर्मा भानपुर मल्टी का रहने वाला है। वह वर्ष 2022-23 में नकबजनी की कई वारदातें कर चुका है। आरोपित पूर्व में पकड़े जाने के बाद जेल भी जा चुका था। पिछले दिनों वह फूड डिलीवरी ब्वाय के रूप में काम करता था। करीब एक साल पहले वह कॉमन दोस्त के जरिए निशातपुरा क्षेत्र में 22 वर्षीय आकाश उर्फ अभिमन्यु सिंह से मिला था। आकाश मूलतः रीवा का रहने वाला है, वहां वह झपटमारी की कई आपराधिक वारदातें कर चुका था।

 

नंबर प्लेट रहित बाइक और जूतों के अनोखे डिजाइन से हुई पहचान

दोनों की दोस्ती हुई तो आकाश और निखिल ने शहर में लूट की वारदातें करना शुरू किया। आकाश अपनी बाइक की नंबर प्लेट निकाल लेता था। पीछे निखिल बैठता था और कालोनी में घूम-घूमकर महिलाओं से चेन झपटता था। थाना प्रभारी लिल्हारे ने बताया कि दो मार्च को मिनाल रेसीडेंसी निवासी वल्लभ भवन में कार्यरत अधिकारी घनश्याम दास ने उनकी मां गोमती के गले से सोने की चेन लूटने की शिकायत की थी। इससे पहले उसी कालोनी में तीन अन्य महिलाओं ने भी चेन झपटने का केस दर्ज करवाया था। सीसीटीवी कैमरों में सभी वारदातों में बदमाशों का हुलिया लगभग एक समान था। विशेष बात दोनों के अजीब डिजाइन के जूते थे, जो सफेद रंग के थे और काली पट्टी थी। दोनों ही युवक एक जैसे ही जूते पहने थे, ये बात सभी को याद थी।

17 लाख का माल बरामद, गोल्ड लोन बैंक की रसीदों ने खोला राज

पिछले दिनों आरोपित एक बार फिर मिनाल में वारदात की फिराक में घूम रहे थे। आरोपित जब चैकिंग प्वाइंट के पास से गुजरे तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके जूतों से पहचाना। शक होने पर वे पीछा करते हुए बदमाशों के भानपुर मल्टी स्थित घर तक पहुंचे। पुलिस की टीम ने घर जाकर पूछताछ की और तलाशी ली तो उनके पास से गोल्ड लोन बैंक की रसीदें मिलीं। फिर सख्ती से पूछताछ में आरोपितों ने अयोध्यानगर में चेन लूट की चार, बागसेवनिया में तीन और एक बाइक चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से सोने की चेन समेत कुल 17 लाख रुपये का माल बरामद किया है। अयोध्यानगर पुलिस ने आरोपितों को कोर्ट में पेश किया था। अब अन्य थानों की पुलिस भी उनसे पूछताछ कर सकती है।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply