Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में मतदाता सूची का शुद्धिकरण पूरा, 18 लाख मतदाताओं की अंतिम सूची तैयार

 

भोपाल। भोपाल जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के 100 दिन पूरे हो गए। इस दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण का काम पूरा हो गया है। जिसके बाद सात विधानसभा क्षेत्र में लगभग 18 लाख मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है। इसी के साथ शनिवार आधी रात से मतदाता सूची को फ्रीज कर दिया गया। सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को होगा।

जिले में चार नवंबर को एसआईआर का प्रथम चरण शुरू हुआ था, जिसके तहत सात विधानसभा क्षेत्र बैरसिया, उत्तर, नरेला, दक्षिण-पश्चिम, मध्य, गोविंदपुरा और हुजूर 21 लाख 25 हजार 908 मतदाताओं को सत्यापन किया गया। इस दौरान दो हजार 29 मतदान केंद्रों पर इतने ही बीएलओ ने गणना पत्रक वितरित किए थे। जिन्हें मतदाताओं ने वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज स्वयं की या अपने स्वजनों की जानकारी के साथ वापस जमा किया था।

 

23 दिसंबर को प्रारूप प्रकाशित किया गया था

इस तरह गणना पत्रक डिजिटाइज करने के साथ ही 23 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया था। जिसमें जिले में कुल 16 लाख 87 हजार 33 मतदाताओं का सत्यापन किया गया था, जबकि एक लाख 16 हजार 925 नो मैपिंग और चार लाख 38 हजार 317 ऐसे लोग चिन्हित किए गए जिन्होंने क्षेत्र में निवास करना छोड़ दिया, दो जगह पर उनका नाम था, मर गए थे।

दूसरे चरण में नो मैपिंग और तार्किक विसंगति श्रेणी के करीब तीन लाख 59 हजार मतदाताओं का सत्यापन किया गया, जबकि चार लाख 38 हजार एएसडीआर श्रेणी वाले मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इस दौरान दावा-आपत्ति की सुनवाई की गई तो वहीं 85 हजार से अधिक नये मतदाताओं ने सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म नंबर छह जमा किया है।

3.59 लाख मतदाताओं का हुआ सत्यापन

एसआईआर के दूसरे चरण में नो मैपिंग श्रेणी वाले एक लाख 16 हजार 925 मतदाताओं की सुनवाई के लिए 85 हेल्पडेस्क पर 90 एईआरओ द्वारा सुनवाई की गई। यह वह मतदाता हैं जिनका किसी भी तरह का रिकार्ड 2003 की सूची में नहीं मिला था, ऐसे में सुनवाई के दौरान इनसे एक दस्तावेज मांगा गया था।

इसी बीच तार्किक विसंगति वाले दो लाख से अधिक मतदाताओं की संख्या बढ़ गई तो कुल 180 एईआरओ ने सुनवाई शुरू की। इस तरह कुल तीन लाख 59 हजार 561 मतदाताओं का सत्यापन करते हुए अशुद्धियों को दूर किया गया है।

दूसरे चरण में कम हुए 11 हजार मतदाता

एसआईआर के दूसरे चरण शनिवार को खत्म हो गया है, इस दौरान सभी नो मैपिंग व तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं की सुनवाई पूरी कर ली गई है। पहले चरण में जहां चार लाख 38 हजार 317 एएसडीआर मतदाता कम किए गए थे तो अब दूसरे चरण में करीब 11 हजार 570 मतदाता कम किए जा रहे हैं। यह ऐसे मतदाता हैं जिनका सुनवाई के दौरान किसी तरह का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है।

86 हजार से अधिक नये मतदाता

सात विधानसभा क्षेत्र में करीब 86 हजार से अधिक नये मतदाताओं ने नाम जुड़वाने के लिए फार्म छह जमा किया है। इनमें से करीब 80 हजार का सत्यापन किया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल 16 लाख 87 हजार 33 मतदाताओं का सत्यापन हो चुका है और 80 हजार से अधिक नये मतदाता बढ़ने की उम्मीद है। इससे स्पष्ट है कि जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 18 लाख तक पहुंच जाएगी।

विधानसभा क्षेत्रवार कुल मतदाताओं की संख्या

विधानसभा क्षेत्र

  • बैरसिया – 2,41,016
  • उत्तर – 1,98,650
  • नरेला – 2,73,619
  • दक्षिण-पश्चिम – 1,70,707
  • मध्य – 1,76,941
  • गोविंदपुरा – 3,04,857
  • हुजूर – 3,21,243
  • कुल – 16,87,033

नोट – जिला प्रशासन निर्वाचन शाखा द्वारा जारी आंकड़े।

मतदाता सूची को फ्रीज कर दिया गया है

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं की सुनवाई, सत्यापन आदि का काम पूरा हो चुका है। नये मतदाताओं द्वारा दिए गए फार्म नंबर छह, दावा-आपत्ति के फार्म नंबर सात और संशोधन के लिए आए फार्म नंबर आठ को भी निराकृत किया जा चुका है। मतदाता सूची को फ्रीज कर दिया गया है, 21 फरवरी को राजनीतिक दलों के समक्ष अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। – कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply