Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में सीजन का सबसे ठंडा दिन, प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट; 13 जिलों में स्कूलों की छुट्टी

 

भोपाल: वातावरण में नमी बढ़ने से मध्य प्रदेश के अधिकतर शहर कोहरे की चपेट में हैं। रात के साथ दिन में भी ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार रात सबसे कम पांच डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। नौ शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।

वहीं दतिया, खंडवा और रतलाम में शीतल दिन रहा। भोपाल में दिन का तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो इस सीजन का दिन का सबसे कम तापमान रहा। भोपाल, इंदौर एवं उज्जैन में अति घना कोहरा होने के कारण सुबह दृश्यता 50 मीटर रही। वहीं नौगांव में यह शून्य थी। नर्मदापुरम, मलाजखंड में घना कोहरा रहा। यहां न्यूनतम दृश्यता 200 मीटर रिकॉर्ड हुई।

 

कई जिलों में स्कूलों की छूट्टी, भोपाल में समय बदला

प्रदेश में कड़ाके की ठंड की वजह से इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जबकि, राजधानी भोपाल सहित कुछ जिलों में स्कूल संचालन के समय में बदलाव किया गया है। ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी ने पांच और छह जनवरी को कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल न बुलाने के आदेश जारी किए हैं।

इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, धार, शाजापुर, आगर मालवा और देवास जिलों में भी अवकाश घोषित किया गया है। भोपाल में जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, सोमवार से आठवीं तक के स्कूल सुबह 9.30 बजे से पूर्व संचालित नहीं किए जाएंगे।

तापमान में और गिरावट की होगी

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक कोहरे का असर अभी बना रहेगा। सोमवार को रात के तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान एवं उसके आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर लगभग 300 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि वातावरण में नमी रहने के कारण पूरे प्रदेश में कोहरे का प्रभाव बना हुआ है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि कोहरे का प्रभाव बरकरार रहने के आसार हैं। इसके चलते सोमवार को भोपाल में शीतल दिन रह सकता है। साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है।

ग्वालियर चंबल अंचल में घना कोहरा, दतिया में शीतल दिन

ग्वालियर चंबल अंचल रविवार सुबह घने कोहरे की चपेट में रहा। देर से धूप खिली लेकिन उसमें गर्माहट का अहसास नहीं था। लोग ठंड से ठिठुरते रहे। हिमालय क्षेत्र से आ रही सर्द हवाओं के चलते ग्वालियर में रात के तापमान में 1.3 डिसे और दिन के तापमान में 0.8 डिसे की गिरावट दर्ज की गई।

ग्वालियर अंचल के जिले न्यूनतम तापमान (°C) अधिकतम तापमान (°C)
भिंड 6 19
दतिया 5 16
मुरैना 7 18
शिवपुरी 7 20
श्योपुर 8 21
छतरपुर (खजुराहो) 8 17.3
टीकमगढ़ 10.5 17.4

मौसम विभाग ने सोमवार को शीतल दिन (कोल्ड डे) और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। अंचल में ठंड का प्रकोप आगे भी जारी रहेगा। अंचल में सबसे कम 5.1 डिसे तापमान दतिया का रहा। छतरपुर के नौगांव में न्यूनतम तापमान 2.5 डिसे और अधिकतम तापमान 18.5 डिसे दर्ज किया गया। दृश्यता शून्य रही। ऐसे में इन सभी जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply