रविवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक तापमान धार और मंडला में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के …और पढ़ें

मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हो सकती है बारिश (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
- मध्य प्रदेश में दिन में तपिश और रात में गुलाबी ठंड
- बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी बढ़ाएगी हलचल
- कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार
भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम में इन दिनों उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। प्रदेश के आसमान से बादल छंटने लगे हैं। इसके चलते रविवार को प्रदेश का मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा, जिसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि शनिवार-रविवार की दरमियानी रात के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान धार और मंडला में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही एक ट्रफ लाइन दक्षिण मध्य महाराष्ट्र तक विस्तृत है।
इस मौसमी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों के जिलों बालाघाट, मंडला, उमरिया, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, सिवनी समेत अन्य कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, हालांकि इसकी तीव्रता बहुत अधिक नहीं होगी।
अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का अधिकांश हिस्सा शुष्क बना रहेगा। राजधानी भोपाल की बात करें तो यहां आसमान साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। तापमान में मामूली फेरबदल के संकेत हैं, जिसमें दिन का पारा एक डिग्री गिर सकता है, जबकि रात के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।




