Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

एयरोसिटी और कोहेफिजा समेत 621 लोकेशन पर 11% तक दाम बढ़ाने का प्रस्ताव

भोपाल। राजधानी में अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई कलेक्टर गाइडलाइन का प्रारंभिक खाका तैयार कर लिया गया है। जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में शहर की 621 प्राइम लोकेशन्स पर प्रॉपर्टी के दामों में 11 प्रतिशत तक की वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें विशेष रूप से मेट्रो रेल कॉरिडोर, एयरोसिटी, कोहेफिजा और नए औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास की जमीनों को शामिल किया गया है।

रजिस्ट्री के विश्लेषण के बाद लिया निर्णय

जिला पंजीयक स्वप्नेश शर्मा के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान हुई रजिस्ट्रियों के डेटा विश्लेषण में यह पाया गया कि 1,307 लोकेशन्स पर तय गाइडलाइन से काफी अधिक दरों पर सौदे हुए हैं। इसी विसंगति को दूर करने के लिए और बाजार भाव के समान लाने हेतु 621 क्षेत्रों में दाम बढ़ाना प्रस्तावित है। इसमें सर्वे के आधार पर 91 लोकेशन और विकास कार्यों (सड़क, हाईवे) के चलते 37 नई लोकेशन्स में वृद्धि की जाएगी।

मेट्रो रूट और बायपास के पास बढ़ेंगे दाम

प्रस्ताव के अनुसार, मेट्रो रेल लाइन के आसपास की संपत्तियां सबसे अधिक प्रभावित होंगी। सुभाष नगर से एम्स और सुभाष नगर से करोंद तक के रूट पर आने वाले क्षेत्रों में गाइडलाइन बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा, नए नेशनल हाईवे, रिंग रोड और बायपास के प्रभाव वाली 18 लोकेशन्स पर भी दरों में संशोधन किया गया है।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का समीकरण

जिले की कुल 2,882 लोकेशन्स में से शहरी क्षेत्र की 551 लोकेशन्स पर 1.5 से 11 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है। लांबाखेड़ा, नवीबाग, एयरोसिटी, सीटीओ कॉलोनी और नर्मदापुरम रोड जैसे क्षेत्रों में वर्तमान दरों को अपडेट किया गया है। वहीं, बैरसिया नगर पालिका की 70 लोकेशन्स पर भी दरें बढ़ाने का सुझाव है। हालांकि, जिन क्षेत्रों में सरकार को स्वयं की परियोजनाओं के लिए जमीन चाहिए, वहां दरें यथावत रखी गई हैं।

औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों में एकरूपता का सुझाव

बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र और रविशंकर शुक्ल मार्केट जैसे क्षेत्रों में विसंगतियों को दूर करने का सुझाव दिया। वर्तमान में यहां कई स्थानों पर दरें असमान हैं, जिन्हें एक समान करने पर विचार किया जा रहा है।

प्रमुख क्षेत्रों की प्रस्तावित नई दरें (प्रति वर्ग मीटर)

लोकेशन वर्तमान दर प्रस्तावित दर
एयरोसिटी राजाभोज परियोजना 20,000 22,000
कोहेफिजा (बीडीए/हाउसिंग बोर्ड) 45,000 50,000
लाउखेड़ी 12,000 15,000
सुरम्य परिसर 26,000 30,000
दामखेड़ा खुर्द की कॉलोनियां 16,000 20,000
ग्राम पलासी व अन्य कॉलोनियां 15,000 17,000
राजेंद्र नगर 12,800 16,000

आम जनता से मांगे गए सुझाव

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक प्रस्ताव पर अब आम नागरिकों की राय ली जाएगी। लोग ‘संपदा-2’ पोर्टल के माध्यम से अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इन सुझावों पर विचार करने के बाद अंतिम प्रस्ताव राज्य स्तरीय केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply