Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी समेत 20 अधिक जिलों में बारिश की संभावना, वेस्टर्न डिस्टरबेंस ने बदला मौसम

 

 भोपाल। मध्य प्रदेश में फरवरी माह के दौरान मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। इस महीने यह तीसरी बार है जब प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलों का दौर देखने को मिला। बुधवार को जहां कई जिलों में तेज बारिश हुई, वहीं कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। राजधानी भोपाल में दिनभर धूप खिली रही, लेकिन शाम होते-होते गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी ग्वालियर समेत आठ जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि पहले भी दो बार ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को नुकसान हो चुका है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इससे पहले बुधवार को रतलाम, श्योपुर, मुरैना, मंदसौर, नीमच, गुना सहित 20 से अधिक जिलों में कहीं बारिश तो कहीं ओले गिरे।

दो साइक्लोनिक सिस्टम और वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम और एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इसके अलावा एक ट्रफ लाइन भी प्रदेश से गुजर रही है, जिससे मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

प्रदेश में फिलहाल रात और सुबह हल्की सर्दी बनी रहेगी। ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से ऊपर है, जबकि दिन का तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच रहा है। कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ।

अगले दो दिन का पूर्वानुमान

20 फरवरी को ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के जिलों में बारिश का अलर्ट है और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 21 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply