Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

इंदौर में IAS के फार्म हाउस में चल रहे हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर छापा, टीआई सहित तीन निलंबित

 

इंदौर। आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य व उनके पति अंबरीश वैद्य के आवलीपुरा स्थित फार्म हाउस ‘कोठी निवास’ पर जुए का हाईप्रोफाइल अड्डा चल रहा था। मंगलवार देर रात पुलिस की संयुक्त टीमों ने दबिश देकर 18 जुआरियों को पकड़ा, जिन्होंने बताया कि वे मास्टरमाइंड जगदीश राठौर उर्फ ‘जगदीश अंकल’ के बुलावे पर आए थे। सरगना जगदीश राठौर सहित करीब पांच लोग फरार हो गए हैं।

पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद, 30 मोबाइल और दो कारें भी जब्त की हैं। आइएएस वंदना वैद्य ने केयर टेकर के मिले होने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने मामले में मानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक लोकेंद्र सिंह हिहोर, एसआइ मिथुन ओसारी और एएसआई रेशम गिरवाल की लापरवाही मानते हुए तीनों को निलंबित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित जगदीश राठौड़ का आठ जिलों में नेटवर्क है, जुआरियों के बीच वह ‘जगदीश अंकल’ और ‘जगदीश कुबड़ा’ के नाम से चर्चित है।

वह कभी होटल तो कभी फार्म हाउस किराए पर लेकर रातभर जुआ खिलाता था। इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, उज्जैन और देवास तक से जुआरी पहुंचते थे। बता दें यह कार्रवाई एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार के नेतृत्व में मानपुर टीआई हिहोर, बडगोंदा टीआइ प्रकाश सिंह वास्कले सहित महू और इंदौर की टीम ने की है।

हमें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। हमारा केयरटेकर भी मिला हुआ हो सकता है। घटना के बाद से उसके नंबर बंद हैं। हमने भी मानपुर पुलिस ने शिकायत की है- वंदना वैद्य, एमडी, वित्त विकास निगम इंदौर।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply