Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

‘इंदौर में हो रहीं मौतें, CM गा रहे गाना’, दूषित पानी से मौतों पर कांग्रेस का पारा गरम, कहा- BJP के अहंकार ने ली 18 जानें

 

कांग्रेस ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि जिस भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से लोगों की मौतें हुईं, वहां की पुरानी पाइपलाइन बदलने की स्वीकृति 22 जुलाई 2022 को ही मिल चुकी थी, लेकिन कथित भ्रष्टाचार के कारण अब तक यह कार्य नहीं कराया गया।

कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 100 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने दावा किया कि ‘स्वच्छ भारत अभियान’ में आठ बार प्रथम स्थान पाने वाले शहर इंदौर में पाइपलाइनों में सीवेज का पानी मिल रहा है।

खेड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा की तथाकथित ट्रिपल इंजन सरकार में ‘हर घर जल’ योजना अब ‘हर घर मल’ योजना में बदल गई है। उन्होंने दस्तावेज दिखाते हुए सवाल किया कि जब पुरानी पाइपलाइन बदलने के ठेके को 2022 में मंजूरी मिल चुकी थी तो काम क्यों नहीं हुआ? क्या सरकार किसी बड़े कमीशन का इंतजार कर रही थी?

उन्होंने यह भी कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक से वर्ष 2003 में भोपाल, इंदौर और ग्वालियर की जलापूर्ति सुधार परियोजनाओं के लिए 200 मिलियन डॉलर का ऋण मिला था। ऐसे में इस राशि के उपयोग का तत्काल ऑडिट कराया जाना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि दूषित पानी से हुई मौतों के मामलों में जल सैंपल और प्रभावित नागरिकों के स्टूल सैंपल की जांच हुई या नहीं। क्या सैंपल में हैजा के बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है? यदि हैजा पाया गया तो क्या सरकार ने इसे इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के तहत नोटिफाई किया और इसकी जानकारी केंद्र सरकार व विश्व स्वास्थ्य संगठन को दी गई?

कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी पूछा कि जब BJP सरकार ने आंखें मूंद रखी थीं, तब शहर के पीने के पानी को सीवेज से दूषित कैसे होने दिया गया। पवन खेड़ा ने पूछा, “नागरिकों की बार-बार की चेतावनियों को क्यों नजरअंदाज किया गया, जिससे हजारों लोगों की जान जोखिम में पड़ गई?

पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि सवाल पूछने पर गाली-गलौज की जाती है, जबकि मुख्यमंत्री उत्सवों में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने गुजरात के गांधीनगर में टाइफाइड फैलने, दिल्ली में खराब जल गुणवत्ता और देशभर में मिलावट के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply