Latest News Sports

इस शहर से निकलते हैं वर्ल्ड क्लास बैट, धोनी से लेकर विदेशी सितारे तक बन चुके हैं फैन, देखें तस्वीरें

स्पोर्ट्स सिटी के नाम से मशहूर मेरठ अब देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी खास पहचान बना चुका है. सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट में बनने वाले क्रिकेट बैट की क्वालिटी, फिनिशिंग और कारीगरी ने भारतीय खिलाड़ियों से लेकर विदेशी क्रिकेटर्स तक को अपना दीवाना बना लिया है. महेंद्र सिंह धोनी से लेकर केएल राहुल और ऋषभ पंत जैसे दिग्गज, मेरठ में बने बल्लों से खेलते नजर आए हैं. टेस्ट सीरीज से लेकर आईपीएल तक, मेरठ के बैट की धाक लगातार बढ़ रही है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मेरठ की बात करें तो मेरठ स्पोर्ट्स सिटी के क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है. देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी मेरठ में बनी स्पोर्ट्स सामग्री की काफी डिमांड देखने को मिलती है. खास तौर पर क्रिकेट से संबंधित सामान के प्रति भारतीय खिलाड़ियों के साथ-साथ विदेशी खिलाड़ियों में भी काफी रुचि देखने को मिलती है. ऐसे में इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट सीरीज का आगाज शुरू हो गया है, जिसमें मेरठ के बने बल्ले की छाप देखने को भी मिलेगी. इन्हीं बातों को देखते हुए लोकल 18 की टीम द्वारा भी मेरठ सुराजकुंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज कुमार सिंघल से खास बातचीत की गई.

अनुज कुमार सिंघल ने बताया कि यूं तो विभिन्न स्थानों पर अब स्पोर्ट्स से संबंधित क्रिकेट बैट तैयार किए जाते हैं, लेकिन मेरठ में बनने वाले बैट के प्रति भारतीय खिलाड़ियों के साथ-साथ विदेशी खिलाड़ियों में भी काफी दीवानगी देखने को मिलती है. क्योंकि यहां पर क्रिकेट बैट तैयार करते समय उसकी क्वालिटी और फिनिशिंग पर विशेष ध्यान दिया जाता है. यही कारण है कि इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में भी विभिन्न खिलाड़ियों को मेरठ की प्रतिष्ठित कंपनियों से बने बैट से खेलते हुए देखा जाएगा. इसमें सबसे ज्यादा डिमांड मेरठ की नामचीन एसजी और एसएस कंपनी के बैट की रहती है.

उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित आईपीएल मैच में भी केएल राहुल, ऋषभ पंत, भुवनेश्वर कुमार, श्रेयस अय्यर सहित विभिन्न भारतीय एवं विदेशी खिलाड़ियों द्वारा मेरठ के बैट का उपयोग किया गया था. वह कहते हैं कि क्वालिटी के बदौलत मेरठ की स्पोर्ट्स सामग्री अपनी एक विशेष पहचान रखती है. उन्होंने बताया कि भले ही आज आधुनिक मशीनों का उपयोग होने लगा हो, जिससे क्रिकेट बैट बनकर तैयार होते हैं, लेकिन उसके बावजूद भी अंतिम फिनिशिंग आज भी हाथ के कारीगरों द्वारा ही की जाती है.

उन्होंने बताया कि यहां कई बार नामचीन कंपनियों में खिलाड़ी खुद आकर भी बैट की फिनिशिंग कराते हुए दिखाई देते हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि हाल ही में आईपीएल में भी महेंद्र सिंह धोनी द्वारा 6 बल्ले विशेष ऑर्डर पर तैयार कराए गए थे. ऐसे ही विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के जब भी मैच आयोजित होते हैं, तो उससे पूर्व ही खिलाड़ी अपनी डिमांड के अनुसार यहां पर बल्ले तैयार कराते हैं.

उन्होंने बताया कि इंग्लैंड सीरीज की बात की जाए तो कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने मेरठ की नामचीन कंपनियों के बल्ले खरीदे हैं, जिनसे वे बैटिंग करते हुए नजर आएंगे. उन्होंने बताया कि अगर स्पोर्ट्स सिटी के इतिहास की बात की जाए तो यह आजादी के बाद के दौर से जुड़ा है. जब 1947 में देश के बंटवारे के दौरान पाकिस्तान के सियालकोट से रिफ्यूजी मेरठ आए थे, तब उन्होंने अपने जीवन यापन के लिए स्पोर्ट्स से संबंधित सामग्री बनाना शुरू किया था. उनकी कलाकारी और हुनर को आगे बढ़ाने में मेरठ के व्यापारियों ने भी बड़ी भूमिका निभाई थी.

वह कहते हैं कि वर्ष 1947 में बंटवारे के दौरान केवल 5 से 6 व्यापारियों ने जब इस कारोबार की शुरुआत की थी, तब किसी ने भी नहीं सोचा था कि स्पोर्ट्स का यह कारोबार एक दिन विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा. उन्होंने बताया कि अब हजारों की संख्या में लोग इस कारोबार से जुड़े हुए हैं. उनका मानना है कि इसमें सबसे बड़ा योगदान उन रिफ्यूजियों के हुनर का है, जिनकी बेहतरीन कारीगरी ने मेरठ को स्पोर्ट्स सिटी के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है.

बताते चलें कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले अधिकतर मैचों में इंग्लिश विलो का उपयोग किया जाता है, क्योंकि बड़े टूर्नामेंट्स में इस विलो से बने बल्ले बेहतर स्टॉक और परफॉर्मेंस के कारण खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद साबित होते हैं. वहीं, घरेलू क्रिकेट के दौरान कई युवा खिलाड़ी कश्मीरी विलो से बने बैट से खेलना पसंद करते हैं. ऐसे में मेरठ की खासियत यह है कि यहां हर प्रकार की विलो से बैट तैयार किए जाते हैं, जिससे यह हर स्तर के खिलाड़ियों की पसंदीदा जगह बन चुका है.

दरअसल, मेरठ का सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट खास तौर पर स्पोर्ट्स के लिए ही जाना जाता है. यहां क्रिकेट बैट, बॉल, टूर्नामेंट से संबंधित सभी सामग्री के साथ-साथ फुटबॉल, बास्केटबॉल, कैरम बोर्ड, हॉकी, तीरंदाजी सहित हर प्रकार के खेलों का सामान आसानी से उपलब्ध है. खास बात यह है कि यहां की रेडी और कस्टम क्वालिटी दोनों ही काफी बेहतरीन होती हैं, क्योंकि अधिकतर सामग्री की मैन्युफैक्चरिंग यहीं पर होती है. ऐसे में सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट हर खिलाड़ी और खेल प्रेमी के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन बन चुका है.

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply