JEE एडवांस्ड 2025: बांग्ला मीडियम से पढ़कर देवदत्ता माझी ने गर्ल्स कैटेगरी में किया टॉप, रचा इतिहास
नई दिल्ली. Last Updated: June 03, 2025, 16:08 IST
जेईई एडवांस्ड रिजल्ट 2025 में पश्चिम बंगाल की देवदत्ता माझी ने गर्ल्स कैटेगरी में टॉप कर एक नई मिसाल कायम की है। अक्सर हिंदी मीडियम के स्टूडेंट्स जेईई, नीट, यूपीएससी जैसी परीक्षाओं में भाषा संबंधी समस्याओं की शिकायत करते हैं, लेकिन देवदत्ता माझी की इस उपलब्धि ने इस धारणा को पूरी तरह से तोड़ दिया है। उन्होंने बांग्ला भाषा में अपनी स्कूलिंग पूरी करके भी जेईई एडवांस्ड में यह शानदार सफलता हासिल की है।
हाइलाइट्स
- देवदत्ता माझी ने JEE एडवांस्ड 2025 में गर्ल्स कैटेगरी में टॉप किया।
- देवदत्ता ने बांग्ला भाषा में स्कूलिंग करके यह उपलब्धि हासिल की।
- देवदत्ता IISC बेंगलुरु से मैथमेटिक्स पढ़ना चाहती हैं और फिर इसरो से रिसर्च करने की योजना बना रही हैं।
जेईई मेन में भी हासिल किए थे शानदार मार्क्स
देवदत्ता माझी ने जेईई मेन 2025 परीक्षा में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने जेईई मेन के दोनों सत्रों की परीक्षा दी थी। जेईई मेन जनवरी सत्र में उन्होंने AIR 15 हासिल की थी, वहीं जेईई मेन सेशन 2 में 300 में से 300 मार्क्स हासिल कर वह चर्चा में आई थीं। अब जेईई एडवांस्ड रिजल्ट 2025 जारी होने के बाद, देवदत्ता माझी ने एक बार फिर से सुर्खियों में छा गई हैं। देवदत्ता माझी ने जेईई एडवांस्ड 2025 में 360 में से 312 मार्क्स स्कोर किए हैं। हालांकि, उन्हें लगता है कि वह इससे बेहतर परफॉर्म कर सकती थीं।
कौन हैं देवदत्ता माझी?
जेईई एडवांस्ड 2025 रिजल्ट जारी होने के बाद से हर कोई देवदत्ता माझी की चर्चा कर रहा है। देवदत्ता माझी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के आड़षा ब्लॉक अंतर्गत गांव जामबाद की रहने वाली हैं। जेईई मेन सेशन 1 और सेशन 2 में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली देवदत्ता माझी ने जेईई एडवांस्ड में फीमेल कैटेगरी में टॉप कर इतिहास में नाम दर्ज करवा लिया है। जेईई एडवांस्ड 2025 टॉपर देवदत्ता माझी स्कूल में भी टॉपर रही हैं।
पिता प्रोफेसर, मां टीचर
देवदत्ता कटवा के दुर्गादासी चौधरी गर्ल्स हाई स्कूल की स्टूडेंट रह चुकी हैं। उनके पिता जयंत माझी आसनसोल के बी.बी. कॉलेज में भौतिकी विज्ञान के प्रोफेसर हैं और मां सेली देवी कटवा के दुर्गादासी चौधरानी गर्ल्स हाई स्कूल में शिक्षिका हैं। देवदत्ता ने भी इसी स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने 2023 की माध्यमिक परीक्षा में 700 अंकों की परीक्षा में 697 अंक हासिल किए थे, जो प्रतिशत के हिसाब से 99.57 फीसदी बनता है। इसमें उनकी रैंक 1 थी।
इसरो से रिसर्च करना चाहती हैं देवदत्ता
देवदत्ता माझी का जेईई एडवांस्ड रिजल्ट 2025 देखकर उनके गांव के लोगों ने खुशी जाहिर की है। देवदत्ता ने क्लास 5 तक की पढ़ाई गांव आड़षा के जामवाद में स्थित स्कूल से की थी। माता-पिता की जॉब के चलते देवदत्ता अपने परिवार के साथ कटवा में रहने लगी थीं। उनके परिवार से जुड़े लोगों के अनुसार, देवदत्ता IISC बेंगलुरु से मैथमेटिक्स विषय की पढ़ाई करना चाहती हैं। इसके बाद वह एस्ट्रोफिजिक्स में स्पेशलाइजेशन करके इसरो से रिसर्च करने की योजना बना रही हैं।