पचमढ़ी कैबिनेट बैठक: मोहन यादव ने पर्यटन को दी सौगात, नेशनल पार्कों को मिले 11 हाईटेक वाहन
पिपरिया/पचमढ़ी. Publish Date: Tue, 03 Jun 2025 12:59:54 PM (IST) | Updated Date: Tue, 03 Jun 2025 12:59:54 PM (IST)
नईदुनिया, पिपरिया/ पचमढ़ी (Mohan Cabinet Meet)। मध्य प्रदेश के मशहूर हिल स्टेशन पचमढ़ी में मंगलवार को आयोजित हुई मोहन कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के तीन नेशनल पार्कों को 11 हाईटेक वाहनों की सौगात दी, जिसका लोकार्पण भी किया गया।
हाइलाइट्स
- पचमढ़ी में संपन्न हुई मोहन कैबिनेट की बैठक।
- पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए की गईं महत्वपूर्ण घोषणाएं।
- हांडी खो पर पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए भूमिपूजन।
- कुल 33.88 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन।
नेशनल पार्कों को मिले 11 हाईटेक वाहन
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के महाप्रबंधक संदेश ने बताया कि कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 11 हाईटेक वाहनों की सौगात नेशनल पार्कों को दी। ये वाहन सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, कान्हा टाइगर रिजर्व, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व सहित अन्य पार्कों को मिलेंगे। प्रत्येक वाहन की कीमत 23 लाख रुपये है। इन वाहनों की सुविधा संबंधित क्षेत्र के पर्यटकों को मिलेगी, जिससे उनका वन्यजीव अनुभव बेहतर हो सकेगा। इनमें से दो वाहन पचमढ़ी आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए भी उपलब्ध होंगे।
हांडी खो पर सुरक्षा और सुविधा का विकास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के अंतर्गत 1 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले हांडी खो पर पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा विकसित करने का भूमिपूजन भी किया। यह पहल पचमढ़ी के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक हांडी खो में पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाएगी।
33.88 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
कैबिनेट बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पचमढ़ी में कुल 33.88 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। ये परियोजनाएं पचमढ़ी में पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करेंगी और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगी। इन विकास कार्यों से पचमढ़ी में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।