मौसम केंद्र के मुताबिक, मराठवाड़ा से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे। मौसम विज् …और पढ़ें

मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं का असर देखने को मिला (फाइल फोटो)
HighLights
- मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं का असर देखने को मिला
- ग्वालियर-रीवा समेत कई जिलों में छाए बादल, ट्रफ लाइन ने थामी गर्मी की रफ्तार
- 18 मार्च के बाद राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश के आसार
भोपाल। मध्य प्रदेश में रविवार को मौसम भले ही शुष्क रहा, लेकिन कई जिलों में तेज हवाओं का असर देखने को मिला। करीब 11 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस दौरान ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा और मऊगंज क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रहे, लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञानियों ने 18 मार्च के बाद कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम केंद्र के मुताबिक मराठवाड़ा से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ी और कई जिलों में बादल छाए रहे। दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हुई। राजधानी भोपाल में भी हवा चलने से ज्यादा गर्मी महसूस नहीं हुई। प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
प्रदेश में खरगोन सबसे ज्यादा गर्म
सर्वाधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर 18 मार्च के बाद प्रदेश में दिख सकता है।
कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। फिलहाल अगले तीन दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में कोई अधिक बदलाव नहीं होंगे।




