MPESB Exam Calendar 2026: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) द्वारा वर्ष 2026 की परीक्षा समय-सारिणी के अनुसार फरवरी में प्रस्तावित समूह-पांच स्टाफ …और पढ़ें

MPESB का बिगड़ा परीक्षा कैलेंडर।
HighLights
- MPESB का बिगड़ा परीक्षा कैलेंडर
- स्टाफ नर्स भर्ती का अता-पता नहीं
- जेल प्रहरी-क्षेत्र रक्षक परीक्षाएं भी पिछड़ीं
भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) द्वारा वर्ष 2026 की परीक्षा समय-सारिणी के अनुसार फरवरी में प्रस्तावित समूह-पांच स्टाफ नर्स संयुक्त भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन और नियमावली अब तक जारी नहीं हो सकी है। इस माह इसके आवेदन और मार्च में परीक्षा होनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
भर्ती परीक्षा 24 मार्च से होगी
वहीं मंडल ने परीक्षा समय-सारिणी में शामिल नहीं रही एक अन्य परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पुलिस विभाग के अंतर्गत सहायक उप निरीक्षक (कंप्यूटर) और प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) के 80 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, अंतिम तिथि 19 फरवरी है। भर्ती परीक्षा 24 मार्च से होगी।
इन परीक्षाओं में होगी देरी
ईएसबी की समय-सारिणी की शुरुआत में ही देरी होने से मार्च में प्रस्तावित क्षेत्र रक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षाएं भी देर से होने की संभावना है। इसी प्रकार संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं भोपाल के अंतर्गत अस्पताल सहायक और चतुर्थ श्रेणी पदों की भर्ती परीक्षा भी मार्च में प्रस्तावित है, लेकिन इनकी नियमावली भी अब तक जारी नहीं हो सकी।
18 फरवरी से प्रस्तावित थी परीक्षा
हालांकि, आइटीआइ में प्रशिक्षण अधिकारियों की चयन परीक्षा निर्धारित समय में हो रही है। यह परीक्षा 18 फरवरी से प्रस्तावित थी, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब 27 फरवरी से होगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।




