गैंग के पुराने साथी द्वारा मुखबिरी के शक में बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। छोला स्थित ब्लूमून कॉलोनी में बदमाशों को अपना पुराना साथी दिखाई दि …और पढ़ें

भोपाल: मुखबिरी के शक में गैंग ने पुराने साथी पर किया जानलेवा हमला
भोपाल। गैंग के पुराने साथी द्वारा मुखबिरी के शक में बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। छोला स्थित ब्लूमून कॉलोनी में बदमाशों को अपना पुराना साथी दिखाई दिया तो उसे घेरकर पकड़ा और जमकर मारपीट की। आरोप है कि पिटाई के बाद बदमाशों ने चाकूबाजी भी की और फिर उस पर फायर कर फरार हो गए।
पुलिस के डर से अस्पताल से भागा घायल युवक
वहीं जब घायल युवक अस्पताल पहुंचा और प्रबंधन की सूचना पर पुलिस घायल के बयान लेने अस्पताल आने लगी तो भनक लगते ही भर्ती युवक वहां से पुलिस के डर से भाग निकला। पीड़ित के विरुद्ध भी पुलिस को पुराना आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। छोला थाना पुलिस हमलावर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
बदमाशों की गैंग और मोहसिन की दोस्ती
पुलिस के अनुसार मोहसिन पिता मुबारिक खान मूलतः राजगढ़ जिले का रहने वाला है। फिलहाल वह भोपाल में किराये से रहता है। पुराने शहर में रहने वाले उमेर, अर्सलान और अदनान से उसकी दोस्ती थी। तीनों ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके विरुद्ध कई केस दर्ज हैं। मोहसिन ने पुलिस को बताया कि वह गैंग से पहले से जुड़ा था, लेकिन उनसे अब संपर्क तोड़ना चाहता था।
घटना का कारण और आरोपियों की तलाश
पिछले दिनों बदमाशों ने क्षेत्र में एक आपराधिक वारदात की थी। वहीं जब पुलिस को उनके द्वारा अपराध होने की जानकारी मिली तो बदमाशों ने मोहसिन पर मुखबिरी का शक किया। बीते चार मार्च को मोहसिन ब्लू मून कॉलोनी में मौजूद था। इसकी जानकारी जब उमेर, अर्सलान और अदनान को मिली तो घेरकर उसे पकड़ा। उनके एक अन्य साथी समेत चार लोगों ने मोहसिन की जमकर पिटाई की।
चाकूबाजी और फायरिंग के बाद पुलिसिया कार्रवाई
साथ ही फायर करने और चाकूबाजी का भी आरोप है। घटना के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया था। वहीं अस्पताल ने जब पुलिस को घटना की सूचना दी तो मोहसिन वहां से भाग निकला। शनिवार रात को पुलिस ने मोहसिन को ढूंढा। थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया कि आरोपितों और फरियादी सभी के पुराने आपराधिक केस मिले हैं। हालांकि अभी उनकी तलाश की जा रही है।




