भोपाल। प्रदेश के सभी 71 हजार 930 मतदान केंद्रों पर रविवार को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में कुशाभाऊ ठाकरे सभागार भोपाल में राज्य स्तरीय आयोजन होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि राज्यपाल द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, मास्टर ट्रेनर्स, बूथ लेवल आफिसर एवं स्वयं सेवकों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में अशोकनगर, बैतूल, नीमच एवं भोपाल जिलों के अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
भोपाल कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को तकनीकी नवाचार विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसी श्रेणी में भोपाल जिले के उप जिला निर्वाचन अधिकारी को भी तकनीकी नवाचार के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में भोपाल, बालाघाट, बैतूल एवं सिवनी जिलों के अधिकारियों को उनके प्रभावी निर्वाचन प्रबंधन के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। स्वयं सेवक श्रेणी में स्वीप आइकान, जिला नर्मदापुरम तथा एक स्वयं सेवक (संस्थापक एवं महासचिव, डीसीएफ) को मतदाता जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि द्वारा युवा मतदाताओं को इपिक कार्ड का वितरण और कार्यक्रम में उपस्थित सभी मतदाताओं को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। कार्यक्रम में आयुक्त मप्र राज्य निर्वाचन आयोग मनोज श्रीवास्तव, पूर्व निर्वाचन आयुक्त भारत निर्वाचन आयोग ओपी रावत, भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह, स्टेट आइकान राजीव वर्मा, गोविंद नामदेव, संजना सिंह और देशना जैन उपस्थित रहेंगी।
यह भी होंगे सम्मानित
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी : विधानसभा क्षेत्र सौंसर, मल्हारगढ़, लखनादौन, आमला।
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण : विधानसभा क्षेत्र पांढुर्णा, सुवासरा, एवं लखनादौन।
बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) : विधानसभा क्षेत्र सेमरिया का मतदान केंद्र 155, जुन्नारदेव का मतदान केंद्र 241, दतिया का मतदान केंद्र 34।
निर्वाचन पर्यवेक्षक : निवाड़ी, आगर-मालवा एवं छिंदवाड़ा जिला।- बीएलओ पर्यवेक्षक : बैतूल जिला।




