किशोर कुमार की पूर्व-पत्नी और गुजरे जमाने की बंगाली एक्ट्रेस-सिंगर रूमा गुहा ठाकुरता का निधन हो गया है। वो 84 साल की थीं। सोमवार सुबह कोलकाता के बैलीगुंग स्थित अपने घर पर उन्होंने अंतिम सांस ली। सोमवार शाम कोलकाता में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।सिंगर अनूप कुमार (66) रूमा और किशोर के बेटे हैं।
किशोर कुमार से तलाक के बाद रूमा ने दूसरी शादी अरूप गुहा ठाकुरता से की। दोनों की बेटी श्रोमोना गुहा ठाकुरता बंगाली सिंगर हैं।
रूमा ने हिंदी और बंगाली फिल्मों में काम किया था। 1944 में हिंदी फिल्म ‘ज्वार भाटा’ से उन्होंने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी, जिसके डायरेक्टर अमिया चक्रवर्ती थे। बांग्ला में उन्हें ‘गंगा’, ‘अभिजान’, ‘बालिका बधू’ और ‘संघर्ष’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। 2006 में वो आखिरी बार मीरा नायर की अंग्रेजी फिल्म ‘द नेम्सकी’ में नजर आई थीं।
रूमा के निधन के कुछ घंटे बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्विटर के जरिए शोक जाहिर किया। उन्होंने लिखा, “रुमा गुहा ठाकुरता के निधन से सदमे में हूं। सिनेमा और संगीत की दुनिया में उनका अमूल्य योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परजनों और चाहनेवालों के साथ मेरी संवेदना है।”