श्रीलंका के पुलिस प्रमुख ने राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना के अनुरोध के बावजूद पद छोड़ने से इनकार कर दिया। दरअसल, भीषण बम धमाकों के बाद राष्ट्रपति ने पुलिस प्रमुख से पद छोड़ने को कहा था। राष्ट्रपति कार्यालय के दो सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
रविवार को हुए भीषण हमलों के बाद आलोचना झेल रहे राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस पूजित जयसुंदरा और रक्षा सचिव हेमसीरी फर्नांडो पर हमलों की अग्रिम चेतावनी को उनके साथ साझा न करने का आरोप लगाया। अधिकारियों ने बताया कि इसी हफ्ते फर्नांडो ने तो इस्तीफा दे दिया था, लेकिन जयसुंदरा अपने पद पर बने हुए हैं। एक सूत्र ने बताया कि राष्ट्रपति के अनुरोध के बावजूद उन्होंने इस्तीफा देने से मना कर दिया है। बता दें कि श्रीलंका के संविधान के मुताबिक सिर्फ संसद ही लंबी प्रक्रिया के तहत राजनीतिक हस्तक्षेप से पुलिस प्रमुख को हटा सकती है। पुलिस विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस प्रमुख ने इस्तीफा नहीं दिया था लेकिन शनिवार को वह काम पर नहीं आए।
हमले के बाद राष्ट्रपति सिरिसेना और प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के बीच मतभेद सामने आए थे। दोनों ने ही कहा था कि उन्होंने चर्च पर हमलों को लेकर भारत द्वारा दी गई अग्रिम चेतावनी को नहीं देखा था। पुलिस प्रमुख जयसुंदरा को विक्रमसिंघे ने नियुक्त किया था।