Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

पीएम मोदी से मिले CM मोहन यादव, MP के किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए चल रही योजनाओं पर चर्चा

 

भोपाल/नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया और प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

naidunia_image

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री को राज्य में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और प्रदेश की प्रगति से भी अवगत कराया।

 

किसान कल्याण वर्ष के तहत कई पहलें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत प्रदेश में कृषि विकास, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से कृषि से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को भी मजबूत किया जा रहा है ताकि किसानों को व्यापक लाभ मिल सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री को आगे के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

16 विभाग मिलकर कर रहे काम

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए मार्ग के अनुसार किसान, महिला, गरीब और युवा इन चार प्रमुख वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत करीब 16 विभागों को एक साथ जोड़कर कार्य किया जा रहा है। इनमें पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी और कृषि विभाग जैसे क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी विभागों के समन्वय से प्रदेश में बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

केंद्र और राज्य के समन्वय से विकास की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के समग्र विकास के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में निवेश, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होंगी और मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

सांसदों से भी की मुलाकात

नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संसद भवन का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सांसदों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से कृषि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply