भोपाल। प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। गुरुवार को वर्ष प्रतिपदा पर करीब 33 जिलों में बादल छाए रहे। खंडवा, बुरहानपुर, कटनी और अनूपपुर जिलों में बारिश भी हुई। भोपाल में देर रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। वहीं खंडवा, अनूपपुर, धार के बदनावर और बैतूल के मुलताई सहित कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ ओले गिरे हैं। मौसम विभाग ने 22 मार्च तक अलग-अलग जिलों में बारिश, झंझावात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
झाबुआ, आलीराजपुर और रतलाम जिलों में भी मौसम बदला हुआ है। वर्षा और तेज हवाओं से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और लहसुन को नुकसान हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार शाम से गुरुवार तक खंडवा, बुरहानपुर और अनूपपुर जिलों में बारिश दर्ज की गई है। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सहित कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और झंझावात की संभावना है।
बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा खरगोन और पांढुर्णा जिलों में इसकी संभावना अधिक है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। शुक्रवार को सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में वज्रपात, ओलावृष्टि की संभावना अधिक है। वहीं शनिवार को सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर और शहडोल जिलों के कुछ भागों में ऐसा हो सकता है।
सूखे क्षेत्रों में गर्म हुआ मौसम
जिन क्षेत्रों में बादल कमजोर थे वहां अचानक गर्मी बढ़ गई। छतरपुर में सर्वाधिक तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं खरगोन में यह 38.8 डिग्री और पचमढ़ी में 29.6 डिग्री रहा। बादलों की वजह से जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में रात सबसे गर्म रही।




