भोपाल। बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सेवा ही संगठन के तहत ‘सेवा प्रकल्प‘ का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हाईवे किनारे अस्पताल खोलने के लिए सरकार 30 प्रतिशत तक अनुदान देगी। मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं जहां होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित उपचार मिले, इसके लिए सरकार इस दिशा में यह योजना बना रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को देखते हुए हमारी सरकार अभी संभाग स्तर पर सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल बना रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल बनाएंगे।
मुख्यमंत्री डा यादव ने सेवा प्रकल्प शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेशभर में गांव-गांव में आंखों की जांच के शिविर लगाए, भाजपा सरकार जरूरत मंदों को निश्शुल्क चश्मा उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर मोबाइल नंबर 9203597200 एवं 9203697200 जारी किया गया है। इन मोबाइल नंबरों पर पार्टी कार्यकर्ता व परिवारजन संपर्क कर चिकित्सकीय जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में जब लगातार कांग्रेस की सरकारें थीं, मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) के जरिए ऐसे कड़े नियम बनाए थे कि मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए अनुमति ही नहीं मिल पाती थी। मेडिकल कॉलेज नहीं होने से मप्र सहित देशभर की बौद्धिक प्रतिभाओं का पलायन होता रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद लगातार मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं।
कोविड के बाद नाचते-खेलते युवाओं की जा रही जान
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के सेवा प्रकल्प शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कोविड के बाद सबसे ज्यादा मौतें अब हार्ट अटैक से हो रही हैं। युवा भी अचानक नाचते-खेलते या वाहन चलाते समय जान गंवा रहे हैं, जो चिंता का बड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि सरकार संभाग स्तर के बाद अब जिला स्तर तक हार्ट के मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। फिलहाल यह योजना पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चल रही है, जिसे जल्द पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
बड़े शहरों तक चिकित्सा प्रकोष्ठ के ‘सेवा प्रकल्प‘ का विस्तार होगा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी ने नवाचार करते हुए अभी प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा प्रकल्प‘ शुरू किया है। आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य बड़े शहरों तक ‘सेवा प्रकल्प‘ का विस्तार कर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। बाबा साहब आंबेडकर के सपने को साकार करने की दिशा में मप्र भाजपा ने सेवा प्रकल्प की शुरूआत की है।
राजनीति का मतलब सिर्फ पद प्राप्त करना नहीं जनता की सेवा करना है। यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि यह समाज के आखिरी व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का एक संकल्प है। अब मरीजों को इलाज के लिए भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें एक सरल, सम्मानजनक और त्वरित व्यवस्था प्राप्त होगी, जो उनके इलाज और कल्याण को सुनिश्चित करेगी।
‘सेवा प्रकल्प‘ का उद्देश्य मानवता की सेवा- राजेंद्र शुक्ल
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भाजपा संगठन की यह कल्पनाशीलता ही है कि कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति भी सचेत है। आवश्यकता है ‘सेवा प्रकल्प‘ नवाचार से लोगों को जोड़ने की और उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए सतत प्रयास करने की। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर की विचारधारा पर आधारित भाजपा ने उनके योगदान को सम्मानित करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय से सेवा प्रकल्प की शुरुआत की है, जो हर वर्ग के लिए समर्पित हैं।
मरीजों के लिए एंबुलेंस हेलीकॉप्टर जैसी सुविधा देश के किसी भी प्रदेश में नहीं है। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डा. विशाल सिंह बघेल ने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भगवान श्रीराम के हनुमान बनकर सेवा कार्यों को आए बढ़ाएंगे। हर जिले में एक हजार लोगों की टीम बनाई जा रही है, जो आने वाले दिनों में जरूरत मंदों के लिए समय-समय पर रक्तदान करेगी।




