भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक पेपर फैक्ट्री में घुसकर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी और फैक्ट …और पढ़ें

गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित पेपर फैक्ट्री में दिनदहाड़े वारदात (AI जनरेट इमेज)
HighLights
- गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित पेपर फैक्ट्री में दिनदहाड़े वारदात
- पेपर का माल लेकर आए एक बदमाश ने गोपाल पाटिल का नाम लिया
- घंटे भर बाद दो एसयूवी से आए आरोपितों ने की वारदात
भोपाल। गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक पेपर फैक्ट्री में घुसकर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी और फैक्ट्री संचालक और उसके रिश्तेदारों पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आधा दर्जन से ज्यादा बदमाश दो एसयूवी में सवार होकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची अशोकागार्डन पुलिस को मौके से दो गोलियों के खोखे मिले हैं। अशोकागार्डन पुलिस ने देर रात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 39 वर्षीय अंकित गुप्ता सिंधी कालोनी स्थित शांति नगर क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं। वह गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में सोनी इंडस्ट्रीज के नाम से एक पेपर फैक्ट्री संचालित करते हैं। अंकित का आरोप है कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एक युवक फुटकर व्यापारी बनकर फैक्ट्री पहुंचा, लगभग 30 हजार रुपये का माल लिया और भुगतान के दौरान विवाद खड़ा कर खुद को गोपाल पाटिल का आदमी बताते हुए धमकी देकर चला गया। उस वक्त फैक्ट्री में अंकित का चचेरा भाई अमित मौजूद था।
बदमाशों ने घेरकर डंडों-रॉड से पीटा
करीब एक घंटे बाद, शाम 4:30 बजे वही युवक आधा दर्जन से अधिक साथियों के साथ दो एसयूवी में लौटा। इस दौरान फैक्ट्री में अंकित और अमित के अलावा उनके ग्वालियर से आए हुए चाचा चंद्रप्रकाश गुप्ता भी मौजूद थे। बदमाशों ने फैक्ट्री के बाहर पहुंचते ही एक हवाई फायर किया और फिर अंदर घुसकर दूसरी गोली चलाई, जो एक कर्मचारी के बाजू से निकल गई। वहीं दूसरे बदमाशों ने अंकित और उसके स्वजनों को घेरकर डंडों-रॉड से पीटा और तलवार से वार किए।
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
अंकित का आरोप है कि हमले में सबसे गंभीर चोट चाचा चंद्रप्रकाश दुबे को आई हैं। उनके हाथ, पेट और पीठ पर गहरे घाव हैं। वहीं अन्य दोनों घायलों के शरीर पर भी चोट के कई निशान हैं। तीनों घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
अंकित का आरोप है कि हमलावर लगातार “गोपाल पाटिल” का नाम लेकर धमका रहे थे। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के बाद पुलिस की प्रतिक्रिया तत्काल और सख्त नहीं रही, जिससे हमलावर बेखौफ फरार हो गए। उधर अशोकागार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल का कहना है कि वारदात की सूचना प्राप्त हुई थी। तीन घायलों की मेडिकल रिपोर्ट मिली है। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज किया जा रहा है।




