Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

UPSC मेंटॉर शुभ्रा रंजन को फंसाने के लिए डराकर बनाया वीडियो, 1.89 करोड़ की लूट पर पुलिस ने 6 को दबोचा

 

दिल्ली में कोचिंग संचालिका और यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली जानी-मानी मेंटॉर शुभ्रा रंजन और उनकी टीम को भोपाल के बाग सेवनिया क्षेत्र में बंध …और पढ़ें

UPSC मेंटॉर शुभ्रा रंजन को फंसाने के लिए डराकर बनाया वीडियो, 1.89 करोड़ की लूट पर पुलिस ने 6 को दबोचा

UPSC मेंटॉर शुभ्रा रंजन को फंसाने के लिए डराकर बनाया वीडियो

HighLights

  1. यूपीएससी मेंटर शुभ्रा रंजन को बंधक बनाकर 1.89 करोड़ की लूट
  2. वारदात को अंजाम देने वाला उनका पूर्व छात्र निकला
  3. भारी भरकम लूट पर पुलिस ने 6 लोगों को दबोचा है

भोपाल। दिल्ली में कोचिंग संचालिका और यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली जानी-मानी मेंटॉर शुभ्रा रंजन और उनकी टीम को भोपाल के बाग सेवनिया क्षेत्र में बंधक बनाकर 1.89 करोड़ रुपये ऐंठ लिए गए। वारदात को अंजाम देने वाला उनका पूर्व छात्र और उनकी कोचिंग का फ्रेंचाइजी संचालक प्रियंक शर्मा है।

उसने अपने सात साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। शुभ्रा रंजन दिल्ली के करोल बाग स्थित अपनी प्रतिष्ठित संस्था ‘शुभ्रा रंजन आईएएस स्टडी’ का संचालन करती हैं। वह राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय की विशेषज्ञ मानी जाती हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित प्रियंक ने उनकी दिल्ली स्थित कोचिंग सेंटर में यूपीएससी की तैयारी की लेकिन चयन नहीं हो सका।

 

इसके बाद प्रियंक ने भोपाल में शुभ्रा के कोचिंग की फ्रेंचाइजी शुरू की। इस पर सेमिनार के लिए शुभ्रा रंजन को मुख्य वक्ता के तौर पर भोपाल आमंत्रित किया था। गुरुवार को वह अपने पति विराज देशमुख और टीम के साथ भोपाल पहुंचीं, तो उन्हें ताज होटल में ठहराया गया। प्रियंक वहां से उन्हें बाग सेवनिया स्थित किराये के एक घर में ले गया। यहां छह हथियारबंद लोग पहुंचे।

उन लोगों ने प्रियंक और वहां मौजूद उसके साथी से मारपीट का नाटक कर 10 करोड़ रुपये मांगे। इन्कार करने पर उन लोगों ने शुभ्रा की कनपटी पर पिस्तौल लगाकर उनके पति को कंपनी के खाते से करीब 1.89 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए विवश किया। आरोपित के कब्जे से छूटने के बाद शुभ्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर लिया है। भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दो आरोपितों की तलाश है।

डराने के लिए बनाया वीडियो

पीड़ित शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस के पास न जाएं, इसके लिए आरोपितों ने डरा-धमकाकर शुभ्रा से कहा कि वह उनके एक साथ को बक्से में बंद करें और उससे फिरौती मांगें। डरी-सहमी शुभ्रा ने ऐसा किया तो इसका आरोपितों ने वीडियो बना लिया और कहा कि यदि पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो वीडियो दिखाकर उल्टा उन्हें ही फंसवा देंगे।

जिस घर में बंधक बनाया वहां हो रहा था मानस पाठ

प्रियंक ने रुपये ऐंठने की योजना पर बड़ी तैयारी की थी। किराये के जिस मकान के कमरे में शुभ्रा को ले जाया गया था, वहां मानस पाठ हो रहा था। यह इसलिए ताकि वारदात के दौरान उठा शोर दब जाए।

अस्पताल में छिपने की कोशिश नाकाम

क्राइम ब्रांच की टीम देर रात जब आरोपित प्रियंक के घर पहुंची, तो पता चला कि वह एम्स भोपाल में भर्ती है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां आरोपित ने सीने में दर्द का हवाला दिया। पुलिस ने उसकी चालाकी भांप गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply