भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक ने अपने दो दोस्तों के साथ एक सवारी को लूटने का प्रयास किया। जब युवक ने विरोध किया तो आरोपितों ने उस …और पढ़ें

भोपाल में लूट का विरोध करने पर युवक को चाकू से गोदा (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
- भोपाल रेलवे स्टेशन से घर जा रहा था युवक
- युवक के विरोध करने पर चाकू से हमला
- यह वारदात देर रात ढाई बजे की है
भोपाल। बजरिया थाना क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक ने अपने दो दोस्तों के साथ एक सवारी को लूटने का प्रयास किया। जब युवक ने विरोध किया तो आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और अधमरी हालत में छोड़कर उसे भाग निकले। एक राहगीर ने घायल को अपनी बाईक पर बैठाकर बदमाशों का पीछा कर उन्हें पकड़ा, लेकिन बाद में वे भाग निकले। शिकायत पर बजरिया थाना पुलिस ने आटो चालक और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना शुक्रवार-शनिवार रात करीब 2:30 बजे की है।
युवक का पत्नी संग हो गया था विवाद
मूलत: छत्तीसगढ़ निवासी सूरज साहू पिता शिवसहाय (30) राज मिस्त्री का काम करता है और अपनी पत्नी व बच्चों के साथ आनंद नगर इलाके में रहता है। शुक्रवार रात उसका पत्नी से विवाद हो गया था, इस कारण वह नाराज होकर छत्तीसगढ़ जाने के लिए घर से निकला और सीधे भोपाल रेलवे स्टेशन फ्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंचा। जहां पर कुछ देर रूकने के बाद उसका मन बदल गया और वह रात करीब ढाई बजे वापस आंनद नगर जाने के लिए निकला। उसने रेलवे स्टेशन के पास से एक ई-रिक्शा रोका और उसमें सवार हो गया, उसमें पहले से एक व्यक्ति सवार था।
जब ई-रिक्शा हबीबीया स्कूल के पास मेन रोड पर पहुंचा, तभी ई-रिक्शा चालक ने फोन कर अपने एक अन्य साथी को बुला लिया। साथ ही आटो रोककर सूरज को उतार दिया। उसने बोला कि वह आगे नहीं जाएगा। इसी बात पर विवाद हुआ, तभी पीछे से आए एक बदमाश ने चाकू दिखाकर उसका पर्स लूटना चाहा। लेकिन युवक ने जमकर विरोध किया। इसी बीच एक आरोपित ने चाकू से उसके सिर पर वार किया और फिर पेट पर हमला किया। सूरज ने उसका यह वार अपने हाथ से रोक दिया, जिससे उसके सिर व हाथ में गंभीर चोट आई है।
हमला करने के बाद आरोपित वहां से भाग निकले। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं घायल की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी शिल्पा कौरव का कहना है कि ई-रिक्शा के जरिए आरोपितों की पहचान की गई है, लेकिन आरोपित फरार हैं।




