भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र में मुस्लिम युवक से मारपीट और धार्मिक टिप्पणी के मामले को लेकर शुक्रवार को राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। …और पढ़ें
HighLights
- धार्मिक टिप्पणी के विरोध प्रदर्शन को लेकर भोपाल में अलर्ट
- इमामी गेट से लेकर इकबाल मैदान का क्षेत्र रहेगा सेंसिटिव जोन
- भोपाल पुलिस के तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं
भोपाल। गोविंदपुरा क्षेत्र में मुस्लिम युवक से मारपीट और धार्मिक टिप्पणी के मामले को लेकर शुक्रवार को राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस द्वारा सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद भी इंटरनेट मीडिया पर जुमे की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन के संदेश बहुप्रसारित हो रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है और पुराने भोपाल के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार पीरगेट, इमामी गेट, भारत टाकीज, मोती मस्जिद, तलैया, शाहजहांनाबाद और इकबाल मैदान क्षेत्र को संवेदनशील जोन घोषित किया गया है। इन इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। बाहर से लोग प्रदर्शन के लिए न आएं, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए जाएंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल भी बुलाया गया है।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मुख्यालय से तीन कंपनियों की मांग की है। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। क्विक रिस्पांस टीम, दंगा नियंत्रण बल और मोबाइल यूनिट्स को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।यह है मामलापिछले सप्ताह गोविंदपुरा क्षेत्र में खुद को हिंदू संगठन का कार्यकर्ता बताने वाले लोगों ने एक होटल से हिंदू युवती के साथ मुस्लिम युवक को पकड़ा था।
साथ ही उससे मारपीट करने के बाद धार्मिक टिप्पणी की थी। गोविंदपुरा पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनका कहना है हमने जुमे की नमाज को लेकर सभी से अपील की है कि जो जहां है वहीं अपनी नमाज पड़ें किसी को भी भोपाल में जुमे की नमाज के बाद जमा होने का जरूरत नहीं नमाज पढ़ें और अपने घर जाएं। अपनी भावनाओं को काबु में रखे अल्लाह की शान में गुस्ताखी करने वाले गुनाहगारों को पुलिस प्रशासन ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आप किसी के बहकावें में ना आवें। मौलाना मुश्ताक अली नदवी, शहरकाजी
लगातार सुन रहा हूं कि भोपाल चलो भोपाल चलो का मैसेज चलाया जा रहा है। मेरी सभी लोगों से अपील है कि हम प्रशासन के साथ संपर्क में है किसी तरह का कोई सम्मेलन या मजमा करने की कोई अनुमति नहीं है। आप निश्चिंत रहें, प्रशासन हमारे साथ पूरा सहयोग कर रहा है। किसी भी तरह की अफवाह में ना आएं। आरिफ मसूद, कांग्रेस विधायक।
प्रदर्शन को लेकर पुलिस सतर्क है। पुराने शहर में बड़ी संख्या में बल तैनात किया जाएगा। पुलिस के प्वाइंट लगे रहेंगे, जिससे आने-जाने वालों पर निगरानी रखी जाएगी और भीड़ को इकट्ठा नहीं होने देंगे। कालोनियों में भी पेट्रोलिंग के जरिए प्रदर्शन से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखेंगे। संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर।




